पटियाला, 12 अगस्त,2026 (राजेश कुमार): मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार आगामी स्वतंत्रता दिवस-2026 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए लगातार दूसरे दिन अपना दौरा जारी रखते हुए, पुलिस महानिदेशक (डी.जी.पी) पंजाब गौरव यादव ने आज एसएएस नगर और पटियाला का दौरा किया तथा वरिष्ठ अधिकारियों और फील्ड अधिकारियों के साथ रेंज स्तर की कानून-व्यवस्था समीक्षा बैठकों की अध्यक्षता की।

डी.जी.पी ने पूरे राज्य में खतरे की संभावना, आतंकवाद विरोधी तैयारियों, स्वतंत्रता दिवस से संबंधित समारोह स्थलों पर सुरक्षा तथा शांति एवं सद्भावना बनाए रखने पर जोर देते हुए व्यावहारिक निर्देश जारी किए।
एस.ए.एस. नगर में अपने दूसरे दिन के दौरे की शुरुआत करते हुए डीजीपी गौरव यादव ने रूपनगर रेंज के अधिकारियों के साथ व्यापक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस रेंज में एसएएस नगर, रूपनगर और फतेहगढ़ साहिब जिले शामिल हैं। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को आपसी तालमेल बनाए रखने, पुलिस की बेहतर मौजूदगी सुनिश्चित करने तथा किसी भी उभरती चुनौती का तत्काल और निर्णायक ढंग से निपटारा करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से सीधे बातचीत करते हुए उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सुझाव सुने तथा उन्हें सतर्क रहने और अपनी जिम्मेदारियों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
एस.ए.एस नगर दौरे के बाद डीजीपी ने पटियाला में पटियाला रेंज के अधिकारियों के साथ व्यापक सुरक्षा समीक्षा बैठक की। इस रेंज में पटियाला, संगरूर, बरनाला और मलेरकोटला जिले शामिल हैं।
इन बैठकों के दौरान समारोह के प्रमुख स्थलों पर मजबूत सुरक्षा व्यवस्था लागू करने और सक्रिय सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित करने संबंधी विषयों पर चर्चा की गई। एस.एच.ओ. और फील्ड अधिकारियों से बातचीत करते हुए डीजीपी गौरव यादव ने उन्हें सतर्कता बनाए रखने, सामुदायिक पहुंच को मजबूत करने और नेतृत्व करने के लिए प्रोत्साहित किया।
समीक्षा बैठकों में डीआईजी पटियाला रेंज कुलदीप चहल, डीआईजी रूपनगर रेंज नानक सिंह, एसएसपी पटियाला वरुण शर्मा, एसएसपी संगरूर डॉ. रवजोत ग्रेवाल, एसएसपी एसएएस नगर हरमनदीप हंस, एसएसपी फतेहगढ़ साहिब शुभम अग्रवाल, एसएसपी बरनाला मोहम्मद सरफराज आलम, एसएसपी रूपनगर मनिंदर सिंह और एसएसपी मलेरकोटला गुरमीत सिंह सहित प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।






