Wednesday, August 26, 2026
HomePunjabनागरा में 2.05 करोड़ रुपये के जलापूर्ति प्रोजेक्ट का शिलान्यास

नागरा में 2.05 करोड़ रुपये के जलापूर्ति प्रोजेक्ट का शिलान्यास

सुनाम, 13 अगस्त,2026 (अमनदीप सभरवाल): पंजाब के कैबिनेट मंत्री श्री अमन अरोड़ा ने आज सुनाम विधानसभा क्षेत्र के गांव नागरा सहित 29 गांवों में 12.60 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले 54 विकास कार्यों की शुरुआत करवाई। इस अवसर पर उन्होंने गांव नागरा में 2.05 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए जाने वाले महत्वपूर्ण जलापूर्ति प्रोजेक्ट का शिलान्यास भी किया। इस प्रोजेक्ट से गांव के 758 घरों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा।

विकास कार्यों की शुरुआत के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री श्री अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा गांवों के सर्वांगीण विकास को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सुनाम विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने जो विश्वास और प्यार दिया है, उसे विकास कार्यों के माध्यम से और मजबूत किया जा रहा है तथा क्षेत्र के लोगों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करना उनकी मुख्य प्राथमिकता है।

श्री अमन अरोड़ा ने बताया कि गांव नागरा में 2 करोड़ 5 लाख रुपये की लागत से जलापूर्ति प्रोजेक्ट का काम शुरू किया गया है। इस प्रोजेक्ट के तहत करीब 17 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी और 1.50 लाख लीटर क्षमता वाली ओवरहेड वाटर टैंक का निर्माण किया जाएगा। इससे गांव के 758 घरों को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध होगा।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल प्रत्येक नागरिक का बुनियादी अधिकार है और पंजाब सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि सुनाम विधानसभा क्षेत्र के 29 गांवों में कुल 12.60 करोड़ रुपये की लागत से 54 अलग-अलग विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। इनमें जलापूर्ति प्रोजेक्टों के अलावा खेल मैदानों का विकास, छप्पड़ों और तालाबों की सफाई एवं सुधार, धर्मशालाओं का निर्माण तथा गलियों-नालियों को पक्का करने सहित अन्य जरूरी विकास कार्य शामिल हैं।

गांव कमोमाजरा खुर्द के पंचायत घर में आयोजित समारोह के दौरान 7 गांवों की पंचायतों को विकास कार्यों के लिए अनुदान दिया गया। गांव सोहियां में गंदे पानी की निकासी के कार्य की शुरुआत की गई। गांव दुग्गां में नवनिर्मित स्टेडियम का उद्घाटन किया गया। गांव कुन्नरां के पंचायत घर में आयोजित समारोह में 10 गांवों की पंचायतों को विकास कार्यों के लिए अनुदान दिया गया।

श्री अरोड़ा ने कहा कि गांवों में विकास कार्यों का चयन लोगों की जरूरतों और स्थानीय प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों और संबंधित विभागों को विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय के भीतर काम पूरा करने के निर्देश भी दिए।

जगतार सिंह हवारा की पैरोल पर बोले अमन अरोड़ा

जगतार सिंह हवारा की पैरोल संबंधी सवाल का जवाब देते हुए श्री अमन अरोड़ा ने कहा कि इस मामले को राजनीति से ऊपर उठकर मानवता के दृष्टिकोण से देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान द्वारा बीमार और बुजुर्ग माता की इच्छा को ध्यान में रखते हुए मानवीय आधार पर पैरोल की मांग की गई थी।

उन्होंने कहा कि एक मां के लिए जीवन के अंतिम पड़ाव में अपने बेटे से मिलने की इच्छा बहुत स्वाभाविक और भावनात्मक होती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा केवल एक दिन की पैरोल दिया जाना संकीर्ण सोच वाला फैसला है और ऐसे मामले में कम से कम 10 दिन की पैरोल दी जानी चाहिए थी। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस मामले को किसी भी तरह का राजनीतिक रंग देने के बजाय मानवता के दृष्टिकोण से देखा जाना चाहिए।

फार्मेसी परीक्षा में नकल के मामले पर सरकार का पक्ष

फार्मेसी परीक्षाओं के दौरान नकल के मामले के संबंध में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि शरारती तत्वों द्वारा अत्याधुनिक उपकरणों और तकनीक के इस्तेमाल के बावजूद सरकार ने करीब 15 मिनट के भीतर नकल के मामले का पता लगा लिया था।

उन्होंने कहा कि सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत आवश्यक कार्रवाई की और दोबारा परीक्षाएं करवाई गईं। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी सरकार के साढ़े चार साल के कार्यकाल के दौरान कोई बड़ा पेपर लीक या बड़ा परीक्षा घोटाला नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के पास सरकार को घेरने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वे बेवजह शोर मचा रहे हैं।

राजस्थान और हरियाणा से पानी की रॉयल्टी की मांग

राजस्थान और हरियाणा से पानी की रॉयल्टी के मुद्दे पर श्री अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार ने अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि पंजाब द्वारा दूसरे राज्यों को दिए जा रहे पानी के बदले बनती रॉयल्टी की मांग करना पंजाब का जायज अधिकार है।

उन्होंने कहा कि पानी पंजाब का महत्वपूर्ण प्राकृतिक संसाधन है और लंबे समय से पंजाब द्वारा दूसरे राज्यों को पानी उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब के किसान भूजल का इस्तेमाल करके देश के अनाज भंडार को भरने में बड़ा योगदान दे रहे हैं। एक किलो चावल पैदा करने के लिए हजारों लीटर पानी की खपत होती है, जिसके कारण पंजाब के भूजल स्तर पर लगातार दबाव पड़ रहा है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब के पानी के मुद्दे पर पिछली सरकारों द्वारा पंजाब के हितों की मजबूती से पैरवी नहीं की गई, लेकिन मौजूदा आम आदमी पार्टी सरकार पंजाब के अधिकारों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि राजस्थान और हरियाणा से पानी की रॉयल्टी के रूप में बनती राशि की मांग पंजाब के हितों से जुड़ा मामला है और यह राशि पंजाब को मिलनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि पंजाब के किसानों द्वारा देश की खाद्य सुरक्षा में दिए जा रहे योगदान को देखते हुए केंद्र सरकार को भी पंजाब के पानी और कृषि से जुड़े मुद्दों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाना चाहिए।

श्री अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार का मुख्य उद्देश्य गांवों और शहरों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और लोगों को बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि सुनाम विधानसभा क्षेत्र में चल रहे और शुरू किए जा रहे विकास कार्यों को समय पर पूरा करवाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि लोगों ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस विश्वास पर खरा उतरने के लिए वह पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ काम कर रहे हैं। पंजाब सरकार द्वारा क्षेत्र के बाकी बचे विकास कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाएगा।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, गांव नागरा के सरपंच कुलविंदर सिंह, गांव कमोमाजरा खुर्द के सरपंच अमनदीप सिंह, सोहियां के सरपंच जशनप्रीत सिंह, गांव दुग्गां के सरपंच कुलदीप सिंह, गांव कुन्नरां के सरपंच विक्की, सरपंच रुपिंदर कौर, अमनदीप सिंह, पूर्व सरपंच बलविंदर सिंह, ब्लॉक समिति सदस्य हरमेश सिंह, ग्राम पंचायत सदस्य गुरप्रीत सिंह चीमा, गुरप्रीत सिंह औलख, जसविंदर सिंह, रेखा रानी और सुखदेव सिंह सहित विभिन्न पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में गांवों के लोग उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments