संगरूर, 13 अगस्त,2026 (प्रभजोत सिंह): जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन पुलिस लाइंस, संगरूर में किया जाएगा। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री तरुनप्रीत सिंह सौंद मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। यह जानकारी डिप्टी कमिश्नर श्रीमती पूनमदीप कौर ने आज स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए पुलिस लाइंस स्टेडियम में आयोजित फुल ड्रेस रिहर्सल का जायजा लेने के बाद दी।

उन्होंने इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड का निरीक्षण करने के बाद मार्च पास्ट से सलामी ली। इस अवसर पर जिला पुलिस प्रमुख श्रीमती रवजोत कौर ग्रेवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
परेड में पंजाब पुलिस, पंजाब होम गार्ड्स, एनसीसी कैडेट्स और पुलिस बैंड ने हिस्सा लिया। डिप्टी कमिश्नर ने समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की और सभी अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियों को पूरी जिम्मेदारी एवं तत्परता से निभाने के निर्देश दिए।
उन्होंने फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान सामने आई छोटी-मोटी कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी जारी किए।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया।






