Wednesday, August 26, 2026
HomeHaryanaटी.बी. को समाप्त करने की दिशा में हरियाणा देश के सभी राज्यों...

टी.बी. को समाप्त करने की दिशा में हरियाणा देश के सभी राज्यों में सबसे आगे– राज्यपाल

13 अगस्त ,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने आज उपायुक्तों को राज्य से टीबी के पूर्ण उन्मूलन के लिए ठोस और परिणामोन्मुखी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ और ‘निक्षय मित्र पहल’ के तहत किए जा रहे कार्यों के प्रभाव का आकलन करने के लिए समय-समय पर परिणामों का ऑडिट किया जाए।

राज्यपाल ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ और ‘निक्षय मित्र पहल’ के तहत हरियाणा राज्य में किए जा रहे कार्यों और प्रगति की समीक्षा करने के लिए चंडीगढ़ स्थित लोक भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 13 जिलों के उपायुक्तों को संबोधित कर रहे थे।

प्रो. घोष ने टीबी की शीघ्र पहचान और समय पर उपचार सुनिश्चित करने के लिए रोकथाम के उपायों तथा समुदाय-आधारित स्क्रीनिंग को और मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन के इस अभियान को सफल बनाने के लिए सरकारी और निजी स्वास्थ्य संस्थानों के साथ-साथ सभी संबंधित पक्षों की सक्रिय और प्रभावी भागीदारी आवश्यक है।

उन्होंने उपायुक्तों को निर्देश दिए कि वे अधिक जोखिम वाले गांवों पर विशेष ध्यान दें और यह सुनिश्चित करें कि जांच तथा स्वास्थ्य सुविधाएं उन कमजोर और जरूरतमंद लोगों तक सीधे पहुंचें, जिन्हें इनकी सबसे अधिक आवश्यकता है और जहां ये सुविधाएं आसानी से उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने टीबी से संक्रमित पाए गए मरीजों के उचित उपचार और देखभाल पर विशेष जोर दिया। साथ ही, ‘निक्षय मित्र पहल’ के तहत जरूरतमंद मरीजों को समय पर पोषण सहायता किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

राज्यपाल ने तकनीक आधारित साधनों, विशेष रूप से ‘टीबी मुक्त भारत ऐप’ का अधिक प्रभावी ढंग से उपयोग करने पर भी जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि जिला टीबी केंद्रों को मजबूत किया जाए, आवश्यकता के अनुसार उनमें सुधार किया जाए और कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

प्रधानमंत्री की कुशल अगुवाई में भारत टीबी उन्मूलन का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रतिबद्ध

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की कुशल अगुवाई में भारत टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हरियाणा टीबी के खिलाफ लड़ाई में देश के अग्रणी प्रदर्शन करने वाले राज्यों में से एक के रूप में उभरा है और राज्य ने ‘राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम’ के तहत कई महत्वपूर्ण लक्ष्य हासिल किए हैं।

उपायुक्तों से ‘टीबी मुक्त हरियाणा’ का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करने का आह्वान करते हुए प्रो. घोष ने कहा कि वह तीन महीने बाद ‘निक्षय मित्र पहल’ के तहत जिलों के प्रदर्शन की समीक्षा करेंगे।

बैठक के दौरान सभी उपायुक्तों से ‘निक्षय मित्र’ के रूप में पंजीकरण करवाने और टीबी से प्रभावित लोगों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने में योगदान देने की अपील की गई। साथ ही, उनके कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी इस पहल से जोड़ने तथा इस नेक कार्य में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की गई।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, हरियाणा के मिशन निदेशक डॉ. आर.एस. ढिल्लों, राज्यपाल के सचिव श्री विजय कुमार भाविकट्टी, डीएचएस डॉ. ब्रह्मदीप सिंह, राज्य टीबी अधिकारी डॉ. राजेश राजू सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। सिरसा, महेंद्रगढ़, सोनीपत, पंचकूला, हिसार, फरीदाबाद, नूंह, करनाल, यमुनानगर, चरखी दादरी, पानीपत, गुरुग्राम और रोहतक के उपायुक्तों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments