Wednesday, August 26, 2026
HomeHaryanaयुवा शक्ति ही विकसित भारत और विकसित हरियाणा की सबसे बड़ी ताकत...

युवा शक्ति ही विकसित भारत और विकसित हरियाणा की सबसे बड़ी ताकत – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

13 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस की बधाई देते हुए कहा कि युवा केवल एक उम्र नहीं, बल्कि ऊर्जा, क्षमता और संभावनाओं का अथाह सागर हैं। युवा केवल भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी ताकत हैं, जो विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में निर्णायक भूमिका निभाएंगे।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी बुधवार को अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर पंचकूला स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने एचआईवी-एड्स जागरूकता अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि यह अभियान आगामी 12 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में चलेगा। उन्होंने देश के 15 सुरक्षित जिलों की सूची में शामिल हरियाणा के कुरुक्षेत्र और कैथल जिलों को सम्मानित करते हुए कहा कि एचआईवी के खिलाफ लड़ाई केवल विरोध से नहीं, बल्कि सही जानकारी, जागरूकता, अपनत्व और संवेदनशीलता के माध्यम से जीती जा सकती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एचआईवी के साथ जीवन जी रहे व्यक्ति से दूरी बनाना अज्ञानता है। हमें बीमारी से लड़ना है, बीमार व्यक्ति से नहीं। उन्होंने समाज से अपील की कि चुप्पी, कलंक और शर्म की तीन दीवारों को हमें मिलकर गिराना होगा। हर व्यक्ति कम से कम 10 अन्य लोगों तक एचआईवी से बचाव और उपचार से जुड़ी सही जानकारी पहुंचाए।

स्वस्थ युवा ही अपने सपनों को दे सकता है उड़ान

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की इच्छाएं चाहे कितनी भी बड़ी हों, उन्हें पूरा करने के लिए स्वस्थ और सक्षम शरीर जरूरी है। अच्छी सेहत, बेहतर शिक्षा, समान अवसर और सुरक्षित भविष्य की इच्छा रखने वाले युवाओं को सबसे पहले अपने शरीर को स्वस्थ रखना होगा।

उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि जिस हाथ में हुनर होना चाहिए, उसमें नशे की सुई नहीं होनी चाहिए और जिन आंखों में जीवन की चमक होनी चाहिए, उनमें नशे का अंधेरा नहीं होना चाहिए। स्वस्थ शरीर और अनुशासित चरित्र ही मजबूत भविष्य की नींव हैं।

गांव का युवा भी शहर के युवाओं की तरह आधुनिक कौशल सीखे

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत का युवा तेजी से आगे बढ़ रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऑटोमेशन, रोबोटिक्स, ड्रोन, इलेक्ट्रॉनिक्स, डिजिटल तकनीक और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में दुनिया तेजी से बदल रही है। हरियाणा को इस बदलाव में सबसे आगे रहना है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि गांव का युवा भी शहर के युवा की तरह आधुनिक तकनीक और कौशल सीख सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की आईटीआई संस्थाओं को करीब 3,000 करोड़ रुपये की लागत से अपग्रेड किया जा रहा है। उद्योगों और प्रशिक्षण संस्थानों के बीच एमओयू साइन कर मजबूत साझेदारी स्थापित की जा रही है, ताकि युवाओं को वही कौशल मिले जिसकी उद्योगों को वास्तविक आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कौशल विकास का उद्देश्य केवल प्रमाण-पत्र देना नहीं, बल्कि प्रत्येक प्रशिक्षित युवा के लिए गुणवत्तापूर्ण रोजगार के अवसर सुनिश्चित करना है।

नौकरी मांगने वाले से नौकरी देने वाले बनने की ओर बढ़ें युवा

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में युवाओं की सोच में बदलाव लाना सरकार की प्राथमिकता है। युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनें। रोजगार तलाशने के साथ-साथ रोजगार पैदा करने के अवसर भी तलाशें।

उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में हरियाणा में बिना खर्ची-बिना पर्ची दो लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। सरकार ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से काम कर रहे युवाओं के भविष्य को कानूनी सुरक्षा देने की दिशा में भी कदम उठाए हैं।

उन्होंने बताया कि विदेश जाने के इच्छुक युवाओं को बिचौलियों की ठगी से बचाने के लिए सरकार द्वारा कानून बनाया गया है और हरियाणा विदेश सहयोग विभाग की स्थापना की गई है। विदेशों से प्राप्त रोजगार के अवसरों के लिए युवाओं का यहीं इंटरव्यू लेकर उन्हें सुरक्षित और कानूनी माध्यम से विदेश भेजा जा रहा है और इसके लिए युवाओं से कोई पैसा नहीं लिया जाता।

एमएसएमई क्षेत्र बनेगा युवा शक्ति की आर्थिक ताकत

मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटे सपने बड़े उद्योगों में बदलते हैं और कौशल रोजगार में बदलता है। हरियाणा में 14 लाख से अधिक एमएसएमई काम कर रहे हैं। इस क्षेत्र को और मजबूत करने के लिए सरकार ने हरियाणा प्रगतिशील एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन नीति-2026 लागू की है।

इस नीति के तहत आगामी पांच वर्षों में 55,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आकर्षित करने, 5 लाख से अधिक नए रोजगार पैदा करने और प्रदेश के निर्यात को दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में नई स्टार्टअप नीति के तहत 10,000 से अधिक स्टार्टअप स्थापित हो चुके हैं। युवाओं के विचारों को उद्योग में बदलने के लिए पूंजी के साथ-साथ बेहतर नीतियां, बाजार, बुनियादी ढांचा और उद्योगों का सहयोग भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार इस सप्ताह आइडियाथॉन आयोजित कर रही है, जिसमें कोई भी युवा अपने विचार साझा कर सकता है।

10 नए औद्योगिक मॉडल टाउनशिप से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि आईएमटी खरखौदा की सफलता से प्रेरणा लेते हुए प्रदेश में 10 नए औद्योगिक मॉडल टाउनशिप विकसित करने का बड़ा फैसला लिया गया है। ये केवल जमीन और कारखानों की परियोजनाएं नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य की परियोजनाएं हैं। इससे कुशल श्रमिकों, इंजीनियरों, तकनीशियनों और उद्यमियों के लिए रोजगार और अवसर बढ़ेंगे।

खेल मैदान से अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचे हर प्रतिभाशाली युवा

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आर्थिक निर्माण के साथ-साथ शरीर और चरित्र का निर्माण भी जरूरी है और इसके लिए खेल सबसे मजबूत माध्यम हैं। हरियाणा खेल प्रतिभाओं की धरती है और प्रदेश के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का गौरव बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि हाल ही में ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ खेलों में भारत ने 39 पदक जीते, जिनमें 13 स्वर्ण पदक शामिल हैं। इन 13 स्वर्ण पदकों में से 7 स्वर्ण पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने हासिल किए हैं। इनमें 5 स्वर्ण पदक हरियाणा की बेटियों ने जीते हैं। यह केवल पदकों की संख्या नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं की मेहनत, खिलाड़ियों के जुनून और बेटियों की उड़ान की कहानी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर प्रतिभाशाली बच्चे को गांव के खेल मैदान से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का स्पष्ट रास्ता मिले। वर्ष 2036 तक भारत को वैश्विक खेल शक्ति बनाने के लक्ष्य में हरियाणा का योगदान सबसे अधिक हो, इसके लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब 2,000 खेल नर्सरियां संचालित की जा रही हैं, जहां 40,000 से अधिक युवा प्रशिक्षण ले रहे हैं। खिलाड़ियों को सीधे सरकारी नौकरी देने के साथ-साथ विजेताओं को करोड़ों रुपये के नकद पुरस्कार भी दिए जा रहे हैं। पिछले साढ़े 11 वर्षों में 16,418 खिलाड़ियों को 683 करोड़ रुपये के पुरस्कार प्रदान किए गए हैं।

युवा शक्ति में जगाएं ज्ञान, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के दीप

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा को ऐसे युवा चाहिए जो स्वस्थ भी हों, कुशल भी हों, अनुशासित भी हों और उद्यमी भी हों। वे स्वयं सफल होने के साथ-साथ समाज के प्रति संवेदनशील भी रहें।

उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर प्रत्येक युवा अपने भीतर तीन दीप जलाए—ज्ञान का दीप, जिम्मेदारी का दीप और संवेदनशीलता का दीप। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि आज की युवा शक्ति विकसित हरियाणा और विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव बनेगी।

युवा उद्यमिता एवं खेल राज्य मंत्री ने की हरियाणा के युवा खिलाड़ियों की प्रशंसा

हरियाणा के खेल एवं युवा सशक्तिकरण तथा उद्यमिता राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा के युवा खिलाड़ियों ने पूरी दुनिया में भारत का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि हम सभी जानते हैं कि 2014 से पहले भारत में नाममात्र के स्टार्टअप होते थे, लेकिन आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से मिली प्रेरणा के चलते देश के युवाओं ने हजारों स्टार्टअप स्थापित किए हैं, जहां लाखों अन्य युवाओं को रोजगार भी मिला है। उन्होंने कहा कि आज भारत का युवा नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरियां देने वाला बन रहा है।

श्री गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने भी प्रधानमंत्री के नक्शेकदम पर चलते हुए प्रदेश के युवाओं के लिए खेल, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में नए रास्ते खोले हैं। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि उन्हें ऐसे लोगों को अपनी प्रेरणा का स्रोत बनाना चाहिए, जिन्होंने राष्ट्र को आगे बढ़ाने के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया।

उन्होंने कहा कि कुछ विदेशी ताकतें युवाओं की आड़ में देश को अस्थिर करने और देश की छवि खराब करने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन भारत ऐसी बाहरी ताकतों के मंसूबों को कभी पूरा नहीं होने देगा।

इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा के स्पीकर श्री ज्ञानचंद गुप्ता, पंचकूला के मेयर श्री श्यामलाल बंसल, जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा, युवा एवं सशक्तिकरण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. जी. अनुपमा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments