फतेहाबाद: 14 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): को लेजर वैली पार्क, गुरुग्राम में होने वाले विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम को लेकर फतेहाबाद के पंजाबियों में भारी उत्साह है। कार्यक्रम में फतेहाबाद से बड़ी संख्या में लोग गुरुग्राम पहुंचेंगे। यह बात विभाजन विभीषिका कार्यक्रम के फतेहाबाद विधानसभा संयोजक शम्मी धींगड़ा ने कही।
उन्होंने कहा कि विभाजन की त्रासदी को कभी भुलाया नहीं जा सकता। वर्ष 1947 में देश के विभाजन के दौरान लाखों लोगों को अपना घर-बार छोड़कर विस्थापित होना पड़ा और असंख्य लोगों ने अपने प्राण गंवाए। विभाजन की पीड़ा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और उन परिवारों के संघर्ष एवं बलिदान को याद करना हम सभी का दायित्व है।
शम्मी धींगड़ा ने कहा कि 14 अगस्त को गुरुग्राम में आयोजित होने वाला कार्यक्रम विभाजन के दौरान पीड़ित परिवारों के प्रति श्रद्धांजलि और सम्मान व्यक्त करने का अवसर है। फतेहाबाद से पंजाबी समाज के लोग पूरे उत्साह और सम्मान के साथ कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पहुंचेंगे।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को लेकर फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क किया जा रहा है तथा लोगों को अधिक से अधिक संख्या में गुरुग्राम पहुंचने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।






