13 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार द्वारा फरीदाबाद में विकसित की जा रही ग्लोबल सिटी के अंदर तीन महीने के भीतर बिजली, पानी आदि बुनियादी सुविधाओं से संबंधित कार्यों को पूरा करने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जाए। इसके अलावा, ग्लोबल सिटी में विश्वस्तरीय आइकॉनिक टावर बनाने के लिए भी कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने पिंजौर की हवाई पट्टी के विस्तार के लिए भी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री बुधवार को चंडीगढ़ में राज्य प्रगति पोर्टल की समीक्षा की चौथी बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ग्लोबल सिटी के पूरा होने के बाद यहां बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे। 1000 एकड़ में विकसित की जा रही इस ग्लोबल सिटी में 1000 करोड़ रुपये की लागत से भौतिक प्रगति का 80 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। शेष कार्य आगामी दिसंबर माह तक पूरा कर लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मार्ट और सुव्यवस्थित योजना के आधार पर विकसित की जा रही ग्लोबल सिटी में शिक्षा एवं स्वास्थ्य संस्थानों के अलावा मॉल, थिएटर, लग्जरी होटल, कम्युनिटी सेंटर, मैरिज पैलेस आदि बनाए जाएंगे। यहां नमो भारत मेट्रो ट्रेन भी चलाई जाएगी। इसके अलावा विशेष वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और ग्रीन लेक भी बनाई जाएगी। इस सिटी को द्वारका एक्सप्रेसवे से जोड़ने का कार्य किया जाएगा, ताकि आवागमन सुगम हो सके।
नांगल चौधरी के लॉजिस्टिक हब में 23 अगस्त से चलेगी ट्रेन
मुख्यमंत्री ने कहा कि नांगल चौधरी में एकीकृत बहु-मॉडल लॉजिस्टिक हब परियोजना विकसित की गई है। इसमें बिजली, सिंचाई, सड़कें, बाहरी रेल साइडिंग और आंतरिक रेल यार्ड बनाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा आंतरिक इन-मोशन वे ब्रिज भी स्थापित किया जा रहा है, जो आगामी छह महीने में बनकर तैयार हो जाएगा। इस पर चलने वाली विशेष ट्रेन का मुख्यमंत्री 23 अगस्त को स्वागत करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिसार में बनाए जा रहे आईएमसी में व्यापक स्तर पर बुनियादी ढांचा तैयार किया जा रहा है। इंडस्ट्रियल मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर में स्किल डेवलपमेंट सेंटर, कन्वेंशन सेंटर एवं एग्जीबिशन हॉल, लॉजिस्टिक पार्क और मल्टी-स्पेशलिटी अस्पताल के साथ-साथ डिफेंस एयरोस्पेस, एग्रो-फूड प्रोसेसिंग यूनिट, गारमेंट एवं टेक्सटाइल उद्योग भी विकसित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आईएमसी में एयरपोर्ट के लिए जलापूर्ति व्यवस्था और 220 केवी का बिजलीघर बनाया जा रहा है। एयरपोर्ट के पहले चरण में 1578 एकड़ भूमि की चारदीवारी बनाने का कार्य भी जारी है।
यादविंद्रा गार्डन में बनेगा 100 कमरों का फाइव स्टार होटल
टिक्करताल में बनेगा एडवेंचर पार्क
उन्होंने बताया कि स्वदेश योजना-2 के तहत पंचकूला के यादविंद्रा गार्डन को रोजगार सृजन और पर्यटन केंद्र के रूप में और अधिक विकसित किया जाएगा। गार्डन के नवीनीकरण के साथ यहां उच्चस्तरीय एकीकृत वेडिंग, कन्वेंशन और हॉस्पिटैलिटी डेस्टिनेशन बनाए जाएंगे। इसके अलावा 100 कमरों का होटल बनाया जाएगा और पिंजौर की हवाई पट्टी का भी विस्तार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि टिक्करताल में भी एडवेंचर पार्क बनाने का कार्य किया जाएगा और थापली के एडवेंचर पार्क को भी विकसित किया जाएगा।
बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता, आयुक्त एवं सचिव उद्योग और वाणिज्य डॉ. अमित अग्रवाल, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के आयुक्त एवं सचिव के. मकरंद पांडुरंग, विशेष सचिव मॉनिटरिंग एवं कोऑर्डिनेशन प्रियंका सोनी, एमडी एचएसआईडीसी सुशील सारवान, निदेशक पर्यटन विभाग पार्थ गुप्ता के अलावा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।






