14 अगस्त,2026 (अनिल कुमार भारती): शिरोमणि अकाली दल की लोकसभा सांसद हरसिमरत कौर बादल ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें फोन कर सुखबीर सिंह बादल के स्वास्थ्य की जानकारी ली। हरसिमरत ने इस दौरान व्यक्तिगत रूप से चिंता जताने और सहयोग के लिए गृह मंत्री का आभार व्यक्त किया। हरसिमरत कौर बादल के अनुसार, अमित शाह ने महाराष्ट्र के एक गुरुद्वारे में सुखबीर सिंह बादल के साथ हुई घटना को गंभीरता से लेते हुए मामले की निष्पक्ष और प्रभावी जांच का भरोसा दिया है। उन्होंने गृह मंत्री की इस पहल को मुश्किल समय में महत्वपूर्ण सहयोग बताया।
हरसिमरत ने कहा कि वह सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले के बाद उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त करने और जानकारी लेने के लिए अमित शाह की आभारी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि घटना की जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी और पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी। बताया जा रहा है कि सितंबर 2020 में कृषि कानूनों के मुद्दे पर शिरोमणि अकाली दल द्वारा एनडीए से अलग होने के बाद अमित शाह और हरसिमरत कौर बादल के बीच यह पहला संपर्क है। दोनों नेताओं के बीच पिछले कई वर्षों से बातचीत नहीं हुई थी।
इससे एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बातचीत कर सुखबीर सिंह बादल के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली थी। पीएम मोदी ने भी इस घटना के बाद सुखबीर बादल की स्थिति को लेकर चिंता व्यक्त की थी।






