Thursday, August 27, 2026
HomePunjabपंजाब विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने फतेहगढ़ साहिब में फहराया तिरंगा

पंजाब विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने फतेहगढ़ साहिब में फहराया तिरंगा

फतेहगढ़ साहिब, 15 अगस्त,2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह) : देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरहिंद के माधोपुर खेल स्टेडियम में जिला प्रशासन फतेहगढ़ साहिब द्वारा जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पंजाब विधानसभा के स्पीकर श्री कुलतार सिंह संधवां ने शिरकत की और राष्ट्रीय ध्वज फहराने की रस्म अदा की।

स्पीकर श्री कुलतार सिंह संधवां ने अपने संबोधन के दौरान जिले के सभी निवासियों सहित समूचे पंजाबवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और देश के लिए अमूल्य बलिदान देने वाले महान शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि फतेहगढ़ साहिब की पवित्र धरती पर जब भी वह नतमस्तक हुए हैं, उन्होंने अपने भीतर अपार आध्यात्मिक शक्ति का संचार महसूस किया है। उन्होंने कहा कि फतेहगढ़ साहिब के भाग्यशाली निवासियों के सामने आकर उन्हें इस आध्यात्मिक शक्ति का कई गुना अधिक अनुभव हो रहा है। ऐसा लगता है जैसे छोटे साहिबजादों और माता गुजरी जी की पवित्र छुअन ने इस मिट्टी के कण-कण में अपनी असीम गर्माहट और पवित्र खुशबू भर दी हो। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य केवल योजनाओं की घोषणा करना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाना है। इसी प्रतिबद्धता के तहत जिला फतेहगढ़ साहिब और पूरे पंजाब के विकास, बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सामाजिक कल्याण के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी हमारा असली गौरव हैं। पंजाब सरकार ने प्रदेश के स्वतंत्रता सेनानियों और उनके वारिसों को मिलने वाली पेंशन 9,400 रुपये से बढ़ाकर 11,000 रुपये कर दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत अब तक 4 लाख से अधिक श्रद्धालुओं को विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा करवाई जा चुकी है। राज्य सरकार को श्री गुरु रविदास जी महाराज का 650वां प्रकाश पर्व बड़े स्तर पर मनाने का सौभाग्य मिला है, जिसके लिए वर्षभर चलने वाले समारोहों हेतु बजट में 100 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा खनन और खनिज पदार्थों पर लाया गया बिल राज्यों के अधिकारों और वित्तीय स्वायत्तता पर सीधा प्रहार है। खनन से जुड़े मामलों में राज्यों के अधिकारों को कमजोर करना संवैधानिक ढांचे की भावना के विपरीत है। उन्होंने केंद्र सरकार से राज्यों के संवैधानिक अधिकारों का सम्मान करने और ऐसे एकतरफा फैसले लेने से बचने की अपील की।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने नशे की दलदल को खत्म करने के लिए जहां गैर-कानूनी तत्वों पर कानून का सख्त शिकंजा कसा है, वहीं पीड़ित युवाओं के इलाज, पुनर्वास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और खेल मैदानों की बहाली के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम किया है। हमारा उद्देश्य युवाओं के हाथों से निराशा दूर कर उनके हाथों में किताबें और रोजगार के साधन उपलब्ध करवाना है, ताकि प्रदेश में फिर से खुशहाली और चढ़दी कला का दौर आए। स्पीकर संधवां ने कहा कि शिक्षा जैसे पवित्र क्षेत्र को कुछ संस्थानों द्वारा व्यापार का साधन बनाए जाने से आम लोगों का शोषण हो रहा था। ऐसी मनमानी के खिलाफ सरकार ने कार्रवाई करते हुए अभिभावकों को नाजायज और जबरन फीस से राहत दिलाने के लिए नया कानून लाया है, जिसके तहत कोई भी निजी स्कूल सालाना फीस में 5 प्रतिशत से अधिक वृद्धि नहीं कर सकेगा।

उन्होंने कहा कि जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए सरकार द्वारा बड़े प्रयास किए जा रहे हैं। प्री-मैट्रिक एससी छात्रवृत्ति के तहत 94,092 विद्यार्थियों को 13 करोड़ 30 लाख रुपये, प्री-मैट्रिक ओबीसी छात्रवृत्ति के तहत 14,320 विद्यार्थियों को 5 करोड़ 72 लाख रुपये तथा पोस्ट-मैट्रिक एससी छात्रवृत्ति के तहत 2.45 लाख से अधिक विद्यार्थियों को 302 करोड़ 34 लाख रुपये की राशि जारी की गई है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने अप्रैल 2022 से अब तक युवाओं को 69 हजार से अधिक स्थायी सरकारी नौकरियां देकर रोजगार के क्षेत्र में बड़ी मिसाल कायम की है। स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांति लाते हुए ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना’ के तहत 900 से अधिक सरकारी और निजी अस्पतालों में 10 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है। वहीं, प्रदेशभर में खोले गए 1,090 आम आदमी क्लीनिकों में अब तक 6 करोड़ से अधिक लोग मुफ्त इलाज करवा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि ‘मुख्यमंत्री मावां-धियां सत्कार योजना’ के तहत 74 लाख 59 हजार महिलाएं पंजीकृत हो चुकी हैं और 1 अगस्त 2026 तक 65 लाख 62 हजार लाभार्थी बेटियों-बहनों के बैंक खातों में 2,274.42 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता सीधे पहुंचाई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक क्रांति लाने के लिए सरकार द्वारा नई ‘इंडस्ट्रियल एंड बिजनेस डेवलपमेंट पॉलिसी 2026’ लागू की गई है। इसके तहत वर्ष 2022 से अब तक पंजाब में 1 लाख 83 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आया है, जिससे 6 लाख से अधिक युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इसके अलावा बिजली क्षेत्र में बड़े सुधारों के लिए 5,000 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जिसके तहत 1,296 नए 11 केवी फीडर स्थापित किए गए हैं।

समारोह के दौरान स्पीकर श्री संधवां ने पंजाब पुलिस, पंजाब महिला पुलिस, पंजाब होम गार्ड्स के जवानों और एनसीसी कैडेटों द्वारा किए गए मार्च पास्ट से सलामी ली तथा परेड का निरीक्षण किया। स्कूली बच्चों ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीद सैनिकों के परिवारों सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली हस्तियों तथा परेड टुकड़ियों को सम्मानित किया गया। जरूरतमंदों को व्हीलचेयर और सिलाई मशीनें भी वितरित की गईं। जिला प्रशासन की ओर से मुख्य अतिथि श्री संधवां और विधायक एडवोकेट लखबीर सिंह राय का विशेष सम्मान किया गया।

इस अवसर पर हलका विधायक एडवोकेट लखबीर सिंह राय, बसी पठाना के विधायक रुपिंदर सिंह हैप्पी, एससी विंग के प्रदेश अध्यक्ष श्री गुरप्रीत सिंह जीपी, जिला योजना समिति के चेयरमैन अजय लिबड़ा, मार्केट कमेटी सरहिंद के चेयरमैन श्री गुरविंदर सिंह ढिल्लों, मार्केट कमेटी चनारथल कलां के चेयरमैन श्री रशपिंदर सिंह राजा, मार्केट कमेटी अमलोह की चेयरमैन श्रीमती सुखविंदर कौर गहलोत, जिला परिषद के चेयरमैन श्री सिंगारा सिंह सलाणा, जिला पुलिस प्रमुख श्री शुभम अग्रवाल, अतिरिक्त उपायुक्त (जनरल) श्रीमती अमरबीर कौर भुल्लर, अतिरिक्त उपायुक्त (विकास) श्री सुरिंदर सिंह धालीवाल, एसडीएम करुण गुप्ता, आरटीओ नमन मड़कन, अमरिंदर सिंह मंडोफल, शनि चोपड़ा, दिलप्रीत सिंह भट्टी सहित अन्य राजनीतिक, धार्मिक और सामाजिक हस्तियां मौजूद थीं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments