15 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हांसी में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस तथा तीज के त्योहार की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की आजादी और आजादी के बाद राष्ट्र की रक्षा के लिए बलिदान देने वाले ज्ञात-अज्ञात शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि हरियाणा ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर देश की सीमाओं की रक्षा तक हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता हांसी के मुक्केबाज नरेंद्र बेरवाल को सम्मानित किया और सर्विस सिक्योरिटी एक्ट के तहत 9 स्थानीय युवाओं को रोजगार गारंटी प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस दौरान स्कूली बच्चों की टीमों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए तथा एचपीए, मधुबन के पुलिसकर्मियों ने भी प्रभावशाली प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री ने परेड से सलामी ली और हरियाणा की विकास यात्रा पर प्रकाश डाला।

मुख्यमंत्री ने वर्तमान सरकार द्वारा किए गए कार्यों की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि आज प्रदेश ‘विकसित भारत-विकसित हरियाणा’ के संकल्प के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हांसी प्रदेश का 23वां जिला बना है और उन्हें यहां स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण करने का सौभाग्य मिला है। हांसी के विकास और प्रशासनिक कार्यों के सुचारू संचालन के लिए 471 पद स्वीकृत किए गए हैं तथा 50 बिस्तरों वाले अस्पताल को अपग्रेड कर 100 बिस्तरों का किया गया है। विकास कार्यों को गति देने के लिए लोक निर्माण विभाग के नए मंडल और उपमंडल भी स्थापित किए गए हैं।
‘विकसित भारत-विकसित हरियाणा’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछले लगभग 12 वर्षों में हरियाणा का विकास समानता, सद्भावना और सहनशीलता के साथ हुआ है। सरकार के प्रयासों से आम आदमी का जीवन अधिक सरल, सुविधाजनक और सुरक्षित हुआ है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि महान सांस्कृतिक परंपराओं और उच्च नैतिक मूल्यों को अपनाते हुए ‘विकसित भारत-विकसित हरियाणा’ के निर्माण के लिए मेहनत करने का संकल्प लें।
‘बिना खर्ची-बिना पर्ची’ युवाओं को मिल रहा रोजगार
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले लगभग 12 वर्षों में व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के साथ-साथ सेवाओं और योजनाओं का लाभ लोगों के घर-घर तक पहुंचाया है। विधानसभा चुनावों के संकल्प-पत्र में किए गए 217 संकल्पों में से 70 संकल्प पिछले डेढ़ साल में पूरे किए जा चुके हैं, जबकि 147 पर काम जारी है।
उन्होंने कहा कि ई-गवर्नेंस के माध्यम से भ्रष्टाचार और बिचौलियों पर प्रभावी अंकुश लगाया गया है। ‘बिना खर्ची-बिना पर्ची’ की पारदर्शी भर्ती व्यवस्था, ऑनलाइन रजिस्ट्री, ऑनलाइन तबादला नीति और पढ़ी-लिखी पंचायतें नए हरियाणा की पहचान बन रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले लगभग 12 वर्षों में ‘बिना खर्ची-बिना पर्ची’ के तहत 2 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। पिछले डेढ़ साल में ही लगभग 43 हजार युवाओं को रोजगार मिला है। प्रदेश के 1 लाख 56 हजार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया गया है।
युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनाने के उद्देश्य से नई हरियाणा प्रगतिशील एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन नीति-2026 लागू की गई है। इसके तहत 55 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश और 5 लाख से अधिक नए रोजगार पैदा करने का लक्ष्य रखा गया है।






