संग़रूर, 15 अगस्त,2026 (दीपक दत्ता): देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन संग़रूर में आयोजित जिला स्तरीय समारोह के दौरान पंजाब के कैबिनेट मंत्री श्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड से सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले महान शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि आजादी हमें अनगिनत कुर्बानियों के बाद मिली है। इसकी रक्षा करते हुए देश को प्रगति, खुशहाली और समानता की नई ऊंचाइयों पर ले जाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

श्री सौंद ने कहा कि संग़रूर की धरती का देश की आजादी और सामाजिक चेतना के इतिहास में विशेष स्थान है। शहीद भगत सिंह, शहीद राजगुरु, शहीद सुखदेव, शहीद करतार सिंह सराभा, शहीद ऊधम सिंह, शहीद मदन लाल ढींगरा और अनेक अन्य स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानियों ने देश की आजादी की लड़ाई को मजबूत किया। उन्होंने कहा कि सुनाम की धरती के सपूत शहीद ऊधम सिंह का नाम भारत के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में हमेशा स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज रहेगा।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि संग़रूर जिले के 57 स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जबकि देश की रक्षा के लिए लड़ी गई विभिन्न जंगों में भी इस जिले के 100 से अधिक जवानों ने शहादत दी। उन्होंने कहा कि इन वीरों की कुर्बानियों को याद करना और आने वाली पीढ़ी को उनके जीवन तथा विचारधारा से परिचित करवाना हमारा नैतिक कर्तव्य है।

श्री सौंद ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार शहीदों के सपनों को साकार करने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार द्वारा शहीद भगत सिंह और भारतीय संविधान के निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीरें सरकारी कार्यालयों में लगाने सहित शहीदों की स्मृति को सम्मान देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। शहीद जवानों के वारिसों के लिए एक्स-ग्रेशिया राशि को 50 लाख रुपये से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये किया गया है।
उन्होंने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर साहिब के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित विश्व स्तरीय कार्यक्रम आयोजित करने के साथ-साथ श्री गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को भी बड़े स्तर पर मनाया जा रहा है। इसके लिए 100 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। श्री गुरु रविदास जी महाराज की बाणी, जीवन और दर्शन के अध्ययन के लिए डेरा सचखंड बल्लां में 37 करोड़ रुपये की लागत से श्री गुरु रविदास जी बाणी अध्ययन केंद्र विकसित किया जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित कर रही है। पिछले चार वर्षों के दौरान करीब 29 हजार स्वयं सहायता समूह बनाए गए हैं और लगभग 3 लाख महिलाएं इनसे जुड़ी हैं। इन समूहों को 631 करोड़ रुपये के ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध करवाए गए हैं। संग़रूर जिले में भी पीएसआरएलएम के तहत लगभग 4,000 स्वयं सहायता समूह हैं, जिनसे करीब 45,000 परिवार जुड़े हुए हैं।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा जारी है और ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ के माध्यम से भी महिलाओं को वित्तीय सहायता दी जा रही है। इसके अलावा ‘मेरी रसोई’ योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को राशन किट उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
श्री सौंद ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा राज्य के लोगों को गुणवत्तापूर्ण और मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए बड़े स्तर पर बुनियादी ढांचा विकसित किया गया है। ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना’ के तहत 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध करवाया जा रहा है, जबकि आम आदमी क्लीनिकों के माध्यम से करोड़ों लोग मुफ्त इलाज का लाभ ले चुके हैं। संग़रूर जिले में 62 आम आदमी क्लीनिक लोगों को सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सुनाम के सरकारी अस्पताल में करीब 14.48 करोड़ रुपये की लागत से 50 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक मातृ एवं शिशु अस्पताल की आधारशिला रखी गई है। इसी अस्पताल में करीब 25.5 करोड़ रुपये की लागत से ओपीडी के 9 कमरों का ब्लॉक, दवाइयों का वेयरहाउस, ट्रॉमा सेंटर और ब्लड बैंक भी तैयार किए गए हैं। इसके अलावा लोंगोवाल, धूरी, चीमा और कौहरियां सहित जिले के विभिन्न हिस्सों में स्वास्थ्य सुविधाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया गया है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने युवाओं को रोजगार देने का अपना वादा पूरा करते हुए अप्रैल 2022 से अब तक 69 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में भी व्यापक सुधार किए जा रहे हैं। राज्य के 118 स्कूलों को स्कूल ऑफ एमिनेंस में बदला जा रहा है और सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए परिवहन सुविधा भी शुरू की गई है।
उन्होंने बताया कि संग़रूर में करीब 7.80 करोड़ रुपये की लागत से नर्सिंग ट्रेनिंग स्कूल और करीब 3.52 करोड़ रुपये की लागत से स्कूल ऑफ एमिनेंस तैयार किया गया है। सुनाम में करीब 1.83 करोड़ रुपये की लागत से स्कूल ऑफ एमिनेंस तथा शहीद ऊधम सिंह आईटीआई की वर्कशॉप का करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प किया गया है।
श्री सौंद ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा नशे की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ नशे से प्रभावित युवाओं के इलाज और पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि संग़रूर जिले में नशा मुक्ति केंद्रों और सरकारी रिहैबिलिटेशन सेंटरों के माध्यम से हजारों लोग सरकारी सुविधाओं का लाभ ले रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा नशे के दुष्प्रभावों और नशा पीड़ितों के इलाज संबंधी जागरूकता के लिए स्कूलों और गांवों में भी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब में 2022 से अब तक 1.83 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हुआ है, जिससे 6 लाख से अधिक युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा नीतियों को और सरल तथा जनहितैषी बनाया जा रहा है।

श्री सौंद ने कहा कि वर्ष 2022-23 से अब तक संग़रूर जिले के विभिन्न गांवों में करोड़ों रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं। इनमें 186 स्टेडियम/खेल मैदानों के लिए 58.38 करोड़ रुपये, 38 लाइब्रेरियों के लिए 11.56 करोड़ रुपये, 38 पंचायत भवनों/कम्युनिटी हॉल के लिए 14.87 करोड़ रुपये, 55 तालाबों के कायाकल्प के लिए 20 करोड़ रुपये, 21 हेल्थ एंड वेलफेयर सेंटरों के लिए 7.45 करोड़ रुपये तथा गलियों-नालियों और गंदे पानी की निकासी के लिए 18 करोड़ रुपये के कार्य शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार द्वारा तालाबों की सफाई, खेल मैदानों का निर्माण, लाइब्रेरियों की स्थापना तथा स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब में 45 हजार किलोमीटर सड़कों का निर्माण और नवीनीकरण करवाया गया है। धूरी में 54.76 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले रोड ओवर ब्रिज की आधारशिला रखी गई है, जिससे यातायात की समस्या को हल करने और क्षेत्रीय संपर्क को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा नागरिकों को घर बैठे सरकारी सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए ‘भगवंत मान सरकार आपके द्वार’ पहल भी चलाई जा रही है। इसके तहत 1076 पर कॉल करके 437 नागरिक सेवाएं हासिल की जा सकती हैं।
संग़रूर में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विभिन्न टुकड़ियों द्वारा शानदार परेड प्रस्तुत की गई। समारोह में पंजाब पुलिस, पंजाब होम गार्ड्स, एनसीसी कैडेट्स, स्कूली विद्यार्थियों और अन्य टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। बैंड द्वारा राष्ट्रीय धुनों की प्रस्तुति दी गई और विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किया।
इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों और उनके वारिसों का सम्मान भी किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाली हस्तियों, परेड में हिस्सा लेने वाले जवानों, प्लाटून कमांडरों तथा कार्यक्रम की तैयारियों में योगदान देने वाले व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया।
श्री सौंद ने इस अवसर पर जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, विभिन्न सरकारी विभागों, स्कूल-कॉलेजों के शिक्षकों और विद्यार्थियों सहित समारोह को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद किया।
उन्होंने पंजाबवासियों से अपील की कि वे शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का पंजाब बनाने के लिए अपने-अपने क्षेत्र में ईमानदारी, मेहनत और समर्पण के साथ योगदान दें। उन्होंने कहा कि आजादी की वास्तविक भावना तभी साकार होगी, जब हमारा समाज नशामुक्त, शिक्षित, स्वस्थ, खुशहाल, समानता वाला और आत्मनिर्भर होगा।
कैबिनेट मंत्री ने अंत में सभी पंजाबवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और शहीदों की कुर्बानियों को सच्ची श्रद्धांजलि के रूप में पंजाब की तरक्की में अपना योगदान देने की अपील की।
इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा कैबिनेट मंत्री श्री सौंद का सम्मान भी किया गया।
इससे पहले उन्होंने पुलिस लाइन स्थित शहीदी स्मारक पर श्रद्धा के पुष्प भी अर्पित किए। इस अवसर पर हलका विधायक श्रीमती नरिंदर कौर भराज, डीआईजी जालंधर पीएपी-2 संदीप कुमार शर्मा, डिप्टी कमिश्नर श्रीमती पूनमदीप कौर, जिला पुलिस प्रमुख डॉ. रवजोत कौर ग्रेवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पदाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में विद्यार्थी तथा संग़रूर निवासी उपस्थित रहे।







