16 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): फरीदाबाद में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, शहरी स्थानीय निकाय तथा नागरिक उड्डयन मंत्री श्री विपुल गोयल ने मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली।
मंत्री श्री विपुल गोयल ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की कुर्बानी देने वाले वीर जवानों, स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवारों को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज का दिन उन वीरांगनाओं और शहीद परिवारों को श्रद्धापूर्वक याद करने का अवसर है, जिनके परिवार के सदस्यों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।
कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार, तकनीकी विकास और आर्थिक प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य विकसित भारत के साथ विकसित हरियाणा का निर्माण करना है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 में हरियाणा का जी.एस.जी.पी. लगभग 15.18 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 11 प्रतिशत अधिक है। यह कृषि, उद्योग और सेवा क्षेत्र के संतुलित विकास का परिणाम है। सरकार निवेश, उद्योग, रोजगार, किसानों की आय और आधुनिक बुनियादी ढांचे को बढ़ावा दे रही है।
उन्होंने कहा कि उद्योगों के लिए कारोबारी प्रक्रियाओं को सरल और पारदर्शी बनाया गया है। MSME नीति के माध्यम से छोटे उद्योगों और ‘लोकल फॉर वोकल’ के साथ रोजगार के अवसरों को मजबूती मिलेगी।
कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल ने कहा कि 17 जुलाई 2026 को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जींद रेलवे स्टेशन से जींद-सोनीपत के बीच पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। स्वदेशी तकनीक से विकसित यह ट्रेन स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और हरियाणा की बढ़ती तकनीकी क्षमता को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा समावेशी विकास करना है, जिसका लाभ गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। विकसित भारत के चार प्रमुख स्तंभों—युवा, किसान, नारी शक्ति और गरीब—को सशक्त बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।






