16 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि आज का दिन देश के लिए गर्व और संकल्प का दिन है। इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के साथ हरियाली तीज का त्योहार भी मनाया जा रहा है, जो प्रकृति, संस्कृति और नारी शक्ति की समृद्ध परंपरा का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान से मिली आजादी को एक मजबूत और खुशहाल राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ाना आज की पीढ़ी की जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के विकसित हरियाणा के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।
मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी शनिवार को कैथल की पुलिस लाइन में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। साथ ही प्रदेशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों और देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे वीर जवानों को नमन किया।
मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि आज का दिन देश के लिए गर्व और संकल्प का दिन है। सरकार शहीदों के परिवारों के सम्मान और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। पिछले लगभग 12 वर्षों में करीब साढ़े चार सौ शहीदों के आश्रितों को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है।






