फतेहगढ़ साहिब, 17 अगस्त,2026 (अमनदीप सरां): मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा राज्य में खेल संस्कृति को और मजबूत करने तथा युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए आयोजित की जा रही ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ के संबंध में निकाली जा रही मशाल मार्च (टॉर्च रैली) जिले के गांव नूरपुरा, अमलोह और मंडी गोबिंदगढ़ से होते हुए फतेहगढ़ साहिब पहुंची। यह मशाल मार्च 18 अगस्त को एस.ए.एस. नगर (मोहाली) के लिए रवाना होगी।

टॉर्च रैली के फतेहगढ़ साहिब पहुंचने पर हलका विधायक एडवोकेट लखबीर सिंह राय ने इसका जोरदार स्वागत किया। विधायक राय ने कहा कि ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के माध्यम से ‘खेलता पंजाब, हंसता पंजाब’ का सपना साकार हो रहा है। उन्होंने सभी पंजाबवासियों को ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ की बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई इन खेलों ने राज्य में खेल संस्कृति को नई दिशा दी है।
उन्होंने कहा कि चार साल पहले ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ की शुरुआत के दौरान हजारों खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, लेकिन आज यह खेल महाकुंभ एक बड़ा खेल मंच बन चुका है। हर साल 4 लाख से अधिक खिलाड़ी इसमें भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी पंजाब में खेलों के प्रति युवाओं के बढ़ते उत्साह और पंजाब सरकार की खेल समर्थक नीतियों की सफलता को दर्शाती है।
विधायक लखबीर सिंह राय ने कहा कि संगरूर से शुरू हुआ यह मशाल मार्च पंजाब के विभिन्न जिलों से गुजरते हुए खेलों का संदेश घर-घर तक पहुंचाएगा। उन्होंने कहा कि यह मशाल केवल एक खेल आयोजन का प्रतीक नहीं है, बल्कि युवाओं में जज्बे, जुनून, एकता, अनुशासन और खेल भावना की ज्योति जगाने का प्रतीक है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस वर्ष के खेल सीजन में पिछले सभी रिकॉर्ड पीछे छोड़ते हुए और भी बड़ी संख्या में खिलाड़ी हिस्सा लेंगे तथा पंजाब के खेल मैदानों से भविष्य के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के चैंपियन तैयार होंगे।







