टोहाना,17 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने गाँव चित्तैन में आयोजित इंटरनेशनल बॉक्सिंग फाइट नाईट – सेमि प्रोफशनल बॉक्सिंग इवेंट में पहुंचकर प्रतिभाशाली मुक्केबाजों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने रिंग में खिलाड़ियों के जोश, जुनून, अनुशासन और संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि हाल ही में राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का गौरव बढ़ाया है। हरियाणा के खिलाड़ियों ने भी अपनी प्रतिभा, मेहनत और दमदार प्रदर्शन के दम पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। यह सफलता बताती है कि यदि युवाओं को सही मार्गदर्शन, प्रशिक्षण, सुविधाएं और अवसर मिलें तो वे किसी भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की मजबूत और खिलाड़ी हितैषी खेल नीति प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं, प्रोत्साहन और सम्मान प्रदान करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से प्रदेश के युवाओं को खेलों में करियर बनाने का विश्वास मिला है। यही कारण है कि हरियाणा के खिलाड़ी विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि हमारा संकल्प है कि हरियाणा की युवा खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर, उचित प्रोत्साहन और पर्याप्त मंच उपलब्ध करवाया जाए, ताकि हमारे खिलाड़ी अपनी मेहनत और सामर्थ्य से नई ऊंचाइयों को छू सकें तथा देश और प्रदेश का नाम रोशन करें।
उन्होंने कहा कि गाँव स्तर पर इस प्रकार के खेल आयोजन होना बेहद सराहनीय है। इंटरनेशनल बॉक्सिंग फ़ाइटनाइट जैसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देने के साथ-साथ अन्य युवाओं को भी खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हैं। इससे युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, फिटनेस और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
सुभाष बराला ने सभी मुक्केबाजों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि खिलाड़ी पूरी मेहनत, लगन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि आज का युवा ही कल के भारत की ताकत है और खेल प्रतिभाएं देश की पहचान को विश्व पटल पर मजबूत करने का माध्यम हैं।






