टोहाना,17 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने गांव ढाणी साँचला में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने पौधारोपण कर अटल जी को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।
राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी देश के महान सपूत, कुशल राजनेता, प्रखर वक्ता और राष्ट्रसेवक थे। उन्होंने अपने विचारों, आदर्शों और राष्ट्रसेवा के माध्यम से देश को नई दिशा प्रदान की। अटल जी का जीवन राष्ट्रहित, सुशासन, विकास और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनके विचार और आदर्श आज भी देशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।


उन्होंने कहा कि अटल जी की पुण्य स्मृति में पौधारोपण करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि के साथ-साथ प्रकृति और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का भी अवसर है। एक पौधा केवल पेड़ नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, हरियाली और सुरक्षित पर्यावरण की नींव है। उन्होंने सभी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। सांसद ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं से इस अभियान से जुड़कर पौधारोपण को निरंतर आगे बढ़ाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि अटल जी ने भारत को सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने का सपना देखा था। उनके जीवन से हमें राष्ट्र के प्रति समर्पण, लोकतांत्रिक मूल्यों के सम्मान और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। हमें उनके विचारों को आत्मसात करते हुए देशहित में अपना योगदान देना चाहिए। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद ने पौधारोपण अभियान में सहभागिता करने वाले सभी कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से ही पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को मजबूती मिलेगी और गांवों को अधिक हरा-भरा एवं स्वच्छ बनाया जा सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने अटल बिहारी वाजपेयी जी के आदर्शों पर चलने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।






