Thursday, August 27, 2026
HomePunjabराम नाम इंसान को कठिन परिस्थितियों में भी सही रास्ता चुनने की...

राम नाम इंसान को कठिन परिस्थितियों में भी सही रास्ता चुनने की शक्ति देता है—मुख्यमंत्री

अमृतसर, 17 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राम नाम का सिमरन मन को स्थिर करता है, विवेक को जागृत करता है और इंसान को कठिन परिस्थितियों में भी सही रास्ता चुनने की शक्ति देता है।

श्री सैनी आज पंजाब के अमृतसर स्थित रामपुरा के सुलहाकुल मंदिर में आयोजित सत्संग के दौरान साध संगत को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बाबा अवतार सिंह महाराज से आशीर्वाद लिया। मंदिर प्रबंधन की ओर से बाबा अवतार सिंह महाराज ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को शॉल भेंट कर और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने पंजाब के युवाओं से अपील की कि वे अपना जीवन नशे के हवाले न करें। उन्होंने कहा कि माता-पिता के सपनों को अपना संकल्प बनाएं। खेलें, पढ़ें, हुनर सीखें, मेहनत करें और हर दिन कुछ समय ईश्वर के सिमरन के लिए निकालें।

उन्होंने गुरु नगरी अमृतसर की धरती को पवित्र, त्याग, तपस्या, भक्ति, बहादुरी और मानव सेवा की धरती बताते हुए कहा कि भारत सदियों से अपने आध्यात्मिक प्रकाश से पूरी दुनिया को रोशन करता आ रहा है। भारत मानवता की वह आवाज है, जो सदियों से पूरी दुनिया को प्रेम से रहने, मिलकर आगे बढ़ने और हर जीव में परमात्मा को देखने का संदेश देती आई है। उन्होंने कहा कि इसी महान भारतीय परंपरा को सुलहाकुल मिशन पिछले लगभग 200 वर्षों से आगे बढ़ा रहा है।

श्री नायब सिंह सैनी ने परम पूज्य भगत श्री साहिब दयाल जी द्वारा शुरू किए गए इस आध्यात्मिक मिशन की ओर से मानवता के लिए लगातार किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हमारे संतों की विशेषता यह है कि वे अपने जीवन से उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। संत श्री अवतार सिंह जी महाराज का जीवन भी इसी सत्य का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के कठिन दौर में भी इस मिशन ने जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाई। ये सभी कार्य बताते हैं कि सच्ची सेवा समय की जरूरतों से कभी अलग नहीं होती।

मुख्यमंत्री श्री सैनी ने नशे के बढ़ते जाल पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज नशा हमारे समाज के सामने एक गंभीर चुनौती है। नशा केवल किसी युवा के शरीर को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार के सपनों को भी तोड़ देता है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि महाराज जी युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए 40 गांवों के स्वास्थ्य क्लबों को कबड्डी और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित करने में सहयोग दे रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में आज देश ‘विकसित भारत’ के निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब विकास के साथ संस्कार, खुशहाली के साथ संवेदना, शक्ति के साथ धैर्य और प्रगति के साथ प्रकृति एवं परमात्मा का सिमरन हो।

मुख्यमंत्री ने लोगों से देश के विकास में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का साथ देने की अपील की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments