17 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब में भाजपा के सत्ता में आने के बाद नशा बेचने वालों को राज्य से बाहर खदेड़ा जाएगा। साथ ही, नशे की गिरफ्त में फंसे युवाओं को नशे से मुक्त कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब में फैली गुंडागर्दी को समाप्त कर लोगों को साफ-सुथरा और बेहतर प्रशासन दिया जाएगा। श्री सैनी आज पंजाब के अमृतसर के रामपुरा में मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे।
उन्होंने पंजाब की ‘आप सरकार’ पर चुनावी वादों से मुकरने का आरोप लगाते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान राज्य में ईमानदार शासन देने का वादा किया था, उन्होंने कहा कि हाल ही में एक टावर से नोट उड़ाए गए थे, यह बात सभी जानते हैं। उन्होंने सवाल किया कि आखिर ये नोट कहां से आए थे?
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन आज आप पार्टी के विधायकों और मंत्रियों के रिश्तेदारों तथा उनके करीबियों को ही नौकरियां मिल रही हैं। राज्य का मेहनती युवा खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
श्री नायब सिंह सैनी ने हाल ही में स्वास्थ्य विभाग में निकली भर्ती सूची का उल्लेख करते हुए कहा कि पंजाब सरकार ने खुद अदालत के सामने स्वीकार किया है कि उससे गलती हुई है। उन्होंने कहा कि केवल युवा ही नहीं, बल्कि महिलाएं और कर्मचारी वर्ग भी राज्य सरकार से परेशान हैं। अदालत के आदेशों के बावजूद कर्मचारियों को उनका डी.ए (महंगाई भत्ता) नहीं दिया जा रहा है। इतना ही नहीं, उन्हें वेतन भी देरी से मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में जहां प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं, वहीं पंजाब के मुख्यमंत्री को बताना चाहिए कि पंजाब में कितने मेडिकल कॉलेज खोले गए हैं।
श्री सैनी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में पंजाब की जनता प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर विश्वास जताते हुए पंजाब में भाजपा को सत्ता में लाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद हरियाणा की सभी जनकल्याणकारी नीतियों को पंजाब में भी लागू किया जाएगा।






