अमलोह/फतेहगढ़ साहिब, 17 अगस्त,2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ में अधिक से अधिक युवाओं और खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पंजाब भर में निकाली जा रही मशाल यात्रा आज विधानसभा क्षेत्र अमलोह पहुंची। मशाल यात्रा के अमलोह पहुंचने पर हलका अमलोह के विधायक गुरिंदर सिंह गैरी बड़िंग, खेल प्रेमियों, युवाओं और खिलाड़ियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद यात्रा मंडी गोबिंदगढ़ और फिर फतेहगढ़ साहिब के लिए रवाना हुई।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए हलका अमलोह के विधायक गुरिंदर सिंह गैरी बड़िंग ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा युवाओं को नशे से दूर कर खेलों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ इसी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस मशाल यात्रा से प्रेरित होकर अधिक से अधिक युवा खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे और हलका अमलोह के खिलाड़ी अधिक से अधिक पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
उन्होंने बताया कि पंजाब में करीब 3,000 गांवों में मुख्यमंत्री खेल मैदान बनाए जा रहे हैं, जिनमें से 33 खेल मैदान हलका अमलोह में तैयार हो चुके हैं। इसके अलावा इस वर्ष के बजट में 5,000 और मुख्यमंत्री खेल मैदान बनाने का प्रावधान किया गया है। उम्मीद है कि हलके को करीब 50 और खेल मैदान मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा 500 गांवों में जिम भेजे गए हैं, जिनमें से 19 जिम हलका अमलोह के गांवों में पहुंच चुके हैं। आने वाले समय में अन्य गांवों को भी जिम उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जाएंगे। इसके साथ ही गांवों और शहरों के वार्डों में यूथ क्लबों के माध्यम से खेल किट भी वितरित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि फुटबॉल किट में गोल पोस्ट, तीन फुटबॉल और 36 जोड़ी जूते, क्रिकेट किट में बैट व गेंदें तथा वॉलीबॉल किट में नेट और वॉलीबॉल दिए जा रहे हैं। इसके अलावा लेदर बॉल क्रिकेट खेलने वाले युवाओं के लिए हलके में 10 विशेष किट भी वितरित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि एक किट की कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये है और इसमें 25-25 हजार रुपये के बैट भी शामिल हैं, ताकि खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण खेल सामग्री उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पंजाब का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और तैयारी के लिए खर्च पहले ही उपलब्ध करवाने की नीति भी सरकार द्वारा अपनाई गई है, ताकि आर्थिक कमी के कारण किसी खिलाड़ी की तैयारी प्रभावित न हो।
इस अवसर पर जिला परिषद के चेयरमैन सिंगारा सिंह सलाणा, जिला कोऑर्डिनेटर ओंकार चौहान, नगर कौंसिल अमलोह के उपाध्यक्ष अतुल लुटावा और वरिष्ठ नेता दर्शन सिंह चीमा ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य और खेलों को प्रमुख प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि पंजाब का खेलों में पुराना गौरवशाली इतिहास रहा है और सरकार के इन प्रयासों से पंजाब एक बार फिर देश में खेलों के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में पंजाब के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक से अधिक पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर वरिष्ठ नेता दर्शन सिंह चीमा, हलका अध्यक्ष अवतार मोहम्मद टैणी, काउंसलर लवप्रीत सिंह लवी, काउंसलर जगतार सिंह, हरप्रीत सिंह मोदी गोबिंदगढ़, भगवान दास माजरी, स्वर्णजीत सिंह सनी माही, प्रधान पाली अरोड़ा, जिला खेल अधिकारी हरपिंदर सिंह के अलावा प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी मौजूद रहे।






