हरियाणा, 19 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के परिवहन मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अगले एक महीने के भीतर हरियाणा रोडवेज का मोबाइल ऐप लॉन्च किया जाएगा। इसके अलावा हरियाणा रोडवेज में करीब 700 कंडक्टरों की भर्ती की जाएगी और राज्य में 500 इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जाएंगी।
श्री विज आज चंडीगढ़ में परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में परिवहन विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री अतुल द्विवेदी भी उपस्थित रहे।
700 कंडक्टरों की भर्ती और 500 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद
बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि विभाग में करीब 700 कंडक्टरों की पदोन्नति की जानी है। उनकी जगह जल्द ही 700 नए कंडक्टरों की भर्ती की जाएगी। इस पर श्री विज ने अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि राज्य में ग्रीन एनर्जी के साथ-साथ ग्रीन ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 500 इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जाएंगी। इसके अलावा 125 सामान्य बसें हरियाणा रोडवेज इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन के माध्यम से तैयार की जा रही हैं।
तीन भाषाओं में होगा मोबाइल ऐप
बैठक में परिवहन विभाग के अधिकारियों ने मंत्री के सामने तैयार किए गए मोबाइल ऐप का प्रदर्शन किया। ऐप की समीक्षा करते हुए श्री विज ने यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक मॉड्यूल जोड़ने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ऐप में निर्धारित समय पर निर्धारित बस अड्डे या बस स्टॉप पर बस के पहुंचने की जानकारी, बसों के अनधिकृत स्थानों पर रुकने की सूचना और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए।
उन्होंने ऐप को हिंदी, अंग्रेजी और पंजाबी तीनों भाषाओं में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। ऐप एंड्रॉयड और आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगा। इसके माध्यम से यात्रियों को बसों की लाइव लोकेशन की जानकारी मिलेगी।
इसके अलावा अलग-अलग गंतव्यों के बीच किराये की जानकारी तथा विभिन्न योजनाओं के तहत यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए डिजिटल क्यूआर कोड/कार्ड जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। मंत्री ने ऐप में आवश्यक संशोधन कर इसका जल्द ट्रायल शुरू करने के निर्देश दिए।
सभी बस अड्डों पर लगेंगे डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड
परिवहन मंत्री ने राज्य के सभी बस अड्डों पर बसों की समय-सारणी और उनके गंतव्य की जानकारी डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। इससे यात्री अपनी यात्रा की पहले से बेहतर योजना बना सकेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक बस के बस अड्डे पर पहुंचने और वहां से रवाना होने का समय कंट्रोल सेंटर में रिकॉर्ड होना चाहिए। यदि कोई चालक बस को निर्धारित बस अड्डे पर नहीं लगाता है तो सिस्टम के माध्यम से उसकी स्वचालित जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया शुरू होनी चाहिए।
श्री विज ने कहा कि हरियाणा रोडवेज के तहत संचालित सभी बसों में जीपीएस सिस्टम लगाया जाएगा, जिससे बसों की निगरानी और संचालन को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
बस अड्डों पर साफ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने पर जोर
बैठक में बस अड्डों पर यात्रियों को उपलब्ध कराए जाने वाले खाद्य पदार्थों और मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने पर भी चर्चा हुई।
श्री विज ने अधिकारियों को रेलवे की आईआरसीटीसी की तर्ज पर परिवहन विभाग के तहत एक नई संस्था गठित करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को निर्धारित और उचित कीमतों पर स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने बस अड्डों पर अवैध रूप से खाद्य सामग्री बेचने वाले विक्रेताओं को तत्काल हटाने के सख्त निर्देश दिए। श्री विज ने स्पष्ट कहा कि “अनिल विज लोगों को खाने-पीने के नाम पर जहर नहीं बेचने देगा।”
बस अड्डों को सफाई के मामले में मॉडल बनाने के निर्देश
श्री विज ने अधिकारियों को बस अड्डों के बाथरूम की नियमित और समयबद्ध सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बस अड्डों पर वैक्यूम क्लीनिंग की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया, ताकि हरियाणा के बस अड्डे सफाई के मामले में देश के लिए मॉडल बन सकें।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिन बस अड्डों के शौचालय जर्जर या क्षतिग्रस्त स्थिति में हैं, वहां उनकी मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण का काम प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए।
बैठक में परिवहन विभाग से जुड़े अन्य विभिन्न मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। श्री विज ने अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा, बस सेवाओं में सुधार, सफाई, तकनीकी निगरानी और परिवहन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।






