Wednesday, August 26, 2026
HomeHaryanaमुख्यमंत्री ने हाई पावर्ड परचेज कमेटी की बैठक की अध्यक्षता की

मुख्यमंत्री ने हाई पावर्ड परचेज कमेटी की बैठक की अध्यक्षता की

हरियाणा, 19 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश के किसानों की 10 लाख एकड़ भूमि में सुधार के लिए लगभग 15.63 करोड़ रुपये की लागत से 25 हजार टन जिप्सम खरीदा जाएगा, ताकि किसानों को आवश्यक मात्रा में जिप्सम उपलब्ध हो सके।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी चंडीगढ़ में हाई पावर्ड परचेज कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री विपुल गोयल, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा, लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण कुमार गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

कैथल में बनेगा 21,680 एमटी क्षमता का गोदाम और क्वालिटी कंट्रोल लैब

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा भूमि सुधार निगम के माध्यम से किसानों को 50 प्रतिशत सब्सिडी पर भूमि सुधार के लिए जिप्सम उपलब्ध करवाया जाता है। उन्होंने कहा कि उच्च गुणवत्ता वाला जिप्सम आसानी से उपलब्ध करवाया जाए, ताकि भूमि में शीघ्र सुधार कर उसे अधिक उपजाऊ बनाया जा सके। इसके अलावा कैथल के हैफेड कॉम्प्लेक्स में 9.80 करोड़ रुपये की लागत से 21,680 एमटी क्षमता का गोदाम और क्वालिटी कंट्रोल लैब बनाने की भी मंजूरी दी गई।

पानीपत के 9 गांवों में 75.50 करोड़ रुपये की पेयजल योजनाएं मंजूर

मुख्यमंत्री ने पानीपत जिले के भैंसवाल, कुतानी, राजाखेड़ी, निंबरी, उग्राखेड़ी, रिसालू, नांगलखेड़ी, काबड़ी और गढ़ी-सिकंदरपुर सहित 9 गांवों में महाग्राम योजना के तहत 75.50 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल योजनाओं को मंजूरी दी। इसी तरह गोहाना शहर के शनि मंदिर और एमपीएस गुढ़ा क्षेत्र में 16.30 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज लाइन बिछाने की भी मंजूरी दी गई।

श्री नायब सिंह सैनी ने पिंजौर-कालका सेक्टर-27 में न्यायिक परिसर के निर्माण को मंजूरी दी। इस पर 22.70 करोड़ रुपये की लागत आएगी। वहीं अंबाला शहर में लघु सचिवालय के प्रशासनिक ब्लॉक के तीसरे चरण का कार्य 34 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।

सफीदों में बनेगा सरकारी नर्सिंग कॉलेज

मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्धारित समय से कम अवधि में कार्य पूरा करने वालों को सरकार की योजना के अनुसार प्रोत्साहन दिया जाएगा। उन्होंने अंबाला कैंट में बैंक स्क्वायर भवन फेज-1 के निर्माण को 52 करोड़ रुपये की लागत से मंजूरी दी। इसके अलावा सफीदों में सरकारी नर्सिंग कॉलेज का निर्माण 37.49 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।

पंचकूला और फतेहाबाद में बनेंगी जिला जेल

मुख्यमंत्री ने इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1, पंचकूला में सड़कों को अपग्रेड और मजबूत करने के लिए 16.80 करोड़ रुपये मंजूर किए। पंचकूला के गांव जलौली में लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से जिला जेल का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा कुंडली-मानेसर सड़क सेक्शन मार्ग के लगभग 83 किलोमीटर हिस्से की मरम्मत और रखरखाव पर 65.66 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने फतेहाबाद में जिला जेल बनाने को भी मंजूरी दी, जिस पर 37 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसी तरह जींद जिले के जुलाना शहर में जलापूर्ति कार्य पर 21.17 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

नारनौल अस्पताल 200 बेड का होगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि नारनौल के अस्पताल को अपग्रेड कर 100 से बढ़ाकर 200 बेड का किया जाएगा। इस पर 26.30 करोड़ रुपये की लागत आएगी। वहीं यमुनानगर में 16.89 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड के आयुष अस्पताल का निर्माण किया जाएगा।

कुरुक्षेत्र-सहारनपुर मार्ग को फोरलेन बनाने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र-सहारनपुर स्टेट हाईवे के कार्य को भी मंजूरी दी। लगभग 10 मीटर चौड़ी सड़क पर 26.90 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस सड़क मार्ग को फोरलेन बनाने के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है। इसके बाद कुरुक्षेत्र-सहारनपुर मार्ग को फोरलेन किया जाएगा। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, ए.के. सिंह, विजेंद्र कुमार, अनुराग अग्रवाल, जीएमडीए के मुख्य सलाहकार डी.एस. ढेसी, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल, निदेशक यश गर्ग सहित विभिन्न विभागों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments