Wednesday, August 26, 2026
HomePunjabपी.ए.यू.-फार्म सलाहकार सेवा केंद्र, संगरूर ने धान और बासमती में कीटों व...

पी.ए.यू.-फार्म सलाहकार सेवा केंद्र, संगरूर ने धान और बासमती में कीटों व बीमारियों की रोकथाम को लेकर गांव घनौर कलां में जागरूकता कैंप लगाया।

धूरी, 19 अगस्त,2026 (अनिल कुमार भारती): पंजाब कृषि विश्वविद्यालय, लुधियाना के निदेशक प्रसार शिक्षा के दिशा-निर्देशों के तहत किसानों को तकनीकी जानकारी उपलब्ध करवाने के लिए आयोजित इस कैंप में किसानों को फसलों में कीटों और बीमारियों की पहचान तथा प्रभावी रोकथाम के बारे में जानकारी दी गई।
कैंप के दौरान केंद्र के प्रभारी एवं वरिष्ठ प्रसार वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार गर्ग ने किसानों को धान और बासमती में आने वाले प्रमुख कीटों, जैसे तना छेदक और पत्ती लपेट सुंडी, की पहचान और प्रभावी नियंत्रण के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि कीटनाशकों का छिड़काव तभी किया जाए, जब कीटों की संख्या आर्थिक नुकसान स्तर से अधिक हो। इससे अनावश्यक कीटनाशकों के इस्तेमाल, खर्च और पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को कम किया जा सकता है।
पत्ती लपेट सुंडी की रोकथाम के संबंध में उन्होंने बताया कि फसल के निसरने से पहले यदि इस कीट का प्रकोप दिखाई दे तो 20–30 मीटर लंबी नारियल या मुंज की रस्सी को फसल के ऊपरी हिस्से पर दो बार फेरना एक प्रभावी और सस्ता तरीका है। हालांकि, रस्सी फेरते समय खेत में पानी खड़ा होना जरूरी है। अधिक प्रकोप की स्थिति में पी.ए.यू. द्वारा अनुशंसित कीटनाशकों का इस्तेमाल किया जा सकता है।
बीमारियों से बचाव के लिए किसानों को यूरिया के अनावश्यक और अधिक इस्तेमाल से बचने की सलाह दी गई। किसानों को धान में बौनेपन वाले विषाणु रोग के बारे में भी जागरूक किया गया, जो सफेद पीठ वाले फुदके के माध्यम से फैलता है। इसके लिए खेतों की नियमित निगरानी करने और कीट की मौजूदगी पाए जाने पर पी.ए.यू. द्वारा अनुशंसित कीटनाशकों, जैसे पेक्सालोन, चेस और उलाला आदि के इस्तेमाल के बारे में जानकारी दी गई।
डॉ. गर्ग ने धान में फोक की समस्या को कम करने के लिए पोटाशियम नाइट्रेट के इस्तेमाल के बारे में भी विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार गोभी पर 1.5 प्रतिशत पोटाशियम नाइट्रेट का छिड़काव किया जा सकता है।
झंडा रोग के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि यह फफूंद से होने वाली बीमारी है। इससे प्रभावित पौधे पीले पड़ जाते हैं और नीचे से ऊपर की ओर मुरझाकर सूखने लगते हैं। रोगग्रस्त पौधे सामान्य पौधों की तुलना में अधिक ऊंचे होते हैं और जमीन से ऊपर की गांठों से जड़ें भी बना लेते हैं। उन्होंने सलाह दी कि ऐसे पौधों को पनीरी और मुख्य फसल से उखाड़कर नष्ट कर देना चाहिए, ताकि बीमारी को फैलने से रोका जा सके।
इस अवसर पर किसानों को सितंबर महीने में पंजाब कृषि विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित किए जाने वाले किसान मेलों के बारे में भी जानकारी दी गई और अधिक से अधिक संख्या में इनमें शामिल होने की अपील की गई। इसके अलावा ग्रामीण बच्चों के लिए विश्वविद्यालय द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न पाठ्यक्रमों के बारे में भी जानकारी साझा की गई।
कैंप के आयोजन में गांव के अमरीक सिंह, मुख्तियार सिंह, गुरमीत सिंह, प्रदीप सिंह सहित अन्य किसानों ने विशेष सहयोग दिया। कैंप के दौरान किसानों के लिए पशुओं के खनिज मिश्रण तथा पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के कृषि साहित्य की बिक्री भी की गई।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments