फतेहगढ़ साहिब, 20 अगस्त,2026 (राजेश कुमार): अतिरिक्त उपायुक्त श्रीमती अमरबीर कौर भुल्लर ने जिला दिशा-निर्देश समिति की मासिक बैठक के दौरान शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती रविंदर कौर को निर्देश दिए कि स्कूलों में बच्चों को दिए जा रहे मिड-डे मील की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए तथा भोजन की गुणवत्ता, मात्रा और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि स्कूलों में पानी की टंकियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के साथ-साथ पानी की गुणवत्ता की जांच के लिए सैंपल लेकर जांच करवाना भी सुनिश्चित किया जाए।
अतिरिक्त उपायुक्त ने मिशन समर्थ, आरटीई, वर्दियां, एसटीआर, आईईडी और अंग्रेजी भाषा सीखने से संबंधित कार्यक्रमों की भी समीक्षा की तथा अधिकारियों को सभी निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरे करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि ‘स्कूल ऑफ हैप्पीनेस’ के तहत जिले के 12 स्कूलों के लिए स्वीकृत 4 करोड़ 4 लाख रुपये की ग्रांट जारी की जा चुकी है। इसी तरह पीएम श्री स्कूलों को साइंस, मैथ सर्कल और वर्दियों के लिए भी ग्रांट उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने बताया कि पहली से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड से प्राप्त पुस्तकें नि:शुल्क वितरित की जा चुकी हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी ने आगे बताया कि प्राथमिक और अपर प्राथमिक स्कूलों के कुल 39,058 विद्यार्थियों को मिड-डे मील योजना के तहत भोजन उपलब्ध करवाया जा रहा है। बच्चों को हर शनिवार मौसमी फल भी दिए जाते हैं।
इस अवसर पर उप जिला शिक्षा अधिकारी श्री दीदार सिंह मांगट, जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्रीमती जोबनदीप कौर, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनुरतन कौर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।






