पटियाला, 20 अगस्त,2026 (हर्षलीन सिंह): बरसात के मौसम को देखते हुए मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों जैसे डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया से बचाव के लिए नगर निगम पटियाला की कमिश्नर पूजा सियाल ग्रेवाल ने शहरवासियों से सावधानी बरतने और जागरूक रहने की विशेष अपील की है।
कमिश्नर ने कहा कि डेंगू का मच्छर साफ और जमा हुए पानी में पनपता है, इसलिए थोड़ी सी सावधानी बरतकर इस बीमारी से बचा जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सप्ताह में एक दिन ‘ड्राई डे’ के रूप में मनाएं और अपने घरों में कूलरों, गमलों, फ्रिज की ट्रे, छतों पर पड़े पुराने टायरों, कबाड़ तथा टूटे बर्तनों आदि में पानी जमा न होने दें।
कमिश्नर पूजा सियाल ग्रेवाल ने बताया कि नगर निगम द्वारा शहर के सभी वार्डों, तंग गलियों और मुख्य मार्गों पर फॉगिंग तथा एंटी-लार्वा स्प्रे करने के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं। उन्होंने स्वास्थ्य शाखा के अधिकारियों को भी निर्देश दिए हैं कि शहर के संवेदनशील क्षेत्रों और जलभराव वाली जगहों पर लगातार जांच की जाए।
उन्होंने शहरवासियों को पूरी बाजू वाले कपड़े पहनने, सोते समय मच्छरदानी या मच्छर भगाने वाली क्रीम का इस्तेमाल करने तथा बुखार होने की स्थिति में तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल जाकर चिकित्सकीय जांच करवाने की सलाह दी। कमिश्नर ने कहा कि लोगों के सहयोग से ही शहर को डेंगू-मुक्त और स्वस्थ बनाया जा सकता है।






