पटियाला, 20 अगस्त,2026 (प्रभजोत सिंह): नगर निगम पटियाला के विभिन्न स्टोरों के लिए खरीदे जाने वाले सामान की मात्रा और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निगम की निगरानी व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं चुस्त-दुरुस्त किया जा रहा है। मेयर कुंदन गोगिया ने स्पष्ट किया कि सरकारी फंड से खरीदे जाने वाले प्रत्येक सामान की गुणवत्ता और मात्रा की निष्पक्ष जांच होना जरूरी है, ताकि नगर निगम के संसाधनों का उचित, प्रभावी और पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
मेयर कुंदन गोगिया ने बताया कि नगर निगम के हेल्थ स्टोर, जनरल स्टोर तथा अन्य स्टोरों द्वारा आवश्यकता के अनुसार विभिन्न सामान की खरीद की जाती है। अब यह निर्णय लिया गया है कि 2 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सामान की सप्लाई प्राप्त करते समय उसकी मात्रा, गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की बारीकी से जांच करने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की एक विशेष समिति गठित की जाएगी। उन्होंने बताया कि कई बार बड़ी खरीद की सप्लाई एक साथ मिलने के बजाय किस्तों में प्राप्त होती है। इसलिए प्रत्येक चरण में सप्लाई किए जा रहे सामान की गुणवत्ता और मात्रा की जांच की जाएगी।
प्रस्तावित समिति द्वारा सप्लाई प्राप्त करते समय सामान की वास्तविक मात्रा की पुष्टि करने के साथ-साथ यह भी जांच की जाएगी कि सामान खरीद के समय निर्धारित शर्तों और स्पेसिफिकेशन के अनुरूप ही है। पूरी जांच के बाद समिति अपनी विस्तृत रिपोर्ट संबंधित उच्च अधिकारियों को सौंपेगी। समिति की मंजूरी मिलने के बाद ही सप्लाई को अंतिम स्वीकृति प्रदान की जाएगी।
मेयर ने कहा कि इस नई व्यवस्था से खरीद प्रक्रिया में पूर्ण जवाबदेही सुनिश्चित होगी, स्टोरों का रिकॉर्ड बेहतर होगा और किसी भी प्रकार की कमी या खामी को मौके पर ही पहचानकर दूर किया जा सकेगा। उन्होंने दोहराया कि नगर निगम का मुख्य उद्देश्य सरकारी धन के एक-एक पैसे का उचित इस्तेमाल करते हुए शहरवासियों को गुणवत्तापूर्ण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।






