लाडवा,20 अगस्त, 2026 (संजीव शर्मा): एस.डी.एम अनुभव मेहता ने कहा कि उपमंडल स्तर पर सोमवार व वीरवार को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य यही है कि इन शिविरों के माध्यम से आमजन की शिकायतों का त्वरित रूप से समाधान हो। समाधान शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहते हैं, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालय के चक्कर ना लगाने पड़े। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्रता और समयबद्ध रूप से समाधान करना सुनिश्चित करें।
एसडीएम अनुभव मेहता वीरवार को उपमंडल अधिकारी कार्यालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याएं सुनी और मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि शिकायतों का प्रभावी व शीघ्रता से समाधान किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों की मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं समीक्षा करते हैं। सभी अधिकारी अपने कार्यालय से संबंधित शिकायतों का समय पर निपटारा करे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की विधानसभा लाडवा है। प्रत्येक शिकायत को मुख्यमंत्री स्वयं देखते है। ऐसे में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी।






