कुरुक्षेत्र, 20 अगस्त, 2026 (संजीव शर्मा): कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डा. गिरीश नागपाल ने कहा कि कृषि विभाग द्वारा सीआरएम स्कीम 2026-27 के तहत स्ट्रा-बेलर, स्ट्रा-रेक, एसएमएस, हैप्पी सीडर/स्मार्ट सीडर, स्ट्रा-चोपर/मल्चर, शर्ब मास्टर/रोटरी स्लेशर, रिर्वसीब्ल एमबी प्लो, जीरो ड्रिल, स्पैटियल जीरो ड्रिल, सुपर सीडर, सरफेस सीडर, ट्रैक्टर माउंटिड लोडर (बिना ट्रैक्टर), ट्रैक्टर चालित टैडर मशीन, ट्रैक्टर माउन्टेड क्रॉप-रीपर/स्वचालित रीपर बाईन्डर आदि विभिन्न कृषि यंत्रों पर 50 प्रतिशत अनुदान के लिए जिला कुरुक्षेत्र के किसानों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। जिला कुरुक्षेत्र में विभिन्न कृषि यंत्रों के लिए कुल 1674 आवेदन प्राप्त हुए है।
उपनिदेशक डा. गिरीश नागपाल ने कहा कि अनुसूचित जाति के किसानों के सभी कृषि यन्त्रों के लिए किए गए आवेदन स्वीकार कर लिए गए है। सामान्य श्रेणी के किसानों के लिए सुपर सीडर व स्ट्रा-बेलर को छोडक़र अन्य सभी कृषि यन्त्रों के आवेदन स्वीकार कर लिए गए है बशर्ते उनके ऑनलाइन अपलोड किए गए दस्तावेज विभागीय नियमों के अनुरूप हो। जबकि सामान्य श्रेणी में सुपर सीडर व स्ट्रा-बेलर मशीनों के लिए आवेदन लक्ष्य से अधिक प्राप्त हुए है, इन किसानों के लिए ऑनलाइन ड्रा विभागीय पोर्टल के माध्यम से उपायुक्त कुरुक्षेत्र की अध्यक्षता वाली जिला स्तरीय कमेटी द्वारा 21 अगस्त को दोपहर 3 बजे लघु सचिवालय के सभागार में किया जाएगा। ड्रा में चयनित किसानों की सूचियां सहायक कृषि अभियन्ता कुरुक्षेत्र कार्यालय में किसानों के अवलोकनार्थ लगा दी जाएगी।
सहायक कृषि अभियन्ता राजेश वर्मा ने बताया कि सभी कृषि यंत्रों के लिए ऑनलाइन अपलोड किए गए दस्तावेजों की वेरिफिकेशन उपरान्त ऑनलाईन परमिट 25 अगस्त 2026 तक जारी किए जाएंगे। किसान 10 सितंबर 2026 तक अपने परमिट डाउनलोड करके मशीनों की खरीद कर सकते हैं। किसान द्वारा कृषि यंत्र खरीद कर अपने बिल, ईवे-बिल और लोकेशन आधारित फोटो डीलर के माध्यम से पोर्टल पर अपलोड करवाने की अन्तिम तिथि 15 सितंबर 2026 तक की गई है। बिल अपलोड होते ही किसान को अपने बिल की मूल प्रति, ईवे-बिल और लोकेशन आधारित कृषि यंत्र के साथ फोटो, परमिट, आवेदन प्रिंट, ट्रैक्टर की आरसी, पैन कार्ड व फैमिली आईडी की प्रतियां सहायक कृषि अभियन्ता कुरुक्षेत्र के कार्यालय में जमा करवानी होंगी।






