पुणे, 20 अगस्त,2026 (जगदेव सिंह जग्गी): कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 22 अगस्त को पुणे में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को पुलिस ने अनुमति दे दी है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस ने आयोजकों के सामने 30 शर्तें रखी हैं।
पुलिस के अनुसार यह कार्यक्रम आरटीओ चौक के पास स्थित एसएसपीएमएस कॉलेज मैदान में शाम 4:30 बजे से रात 9:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इसमें करीब 8 हजार से 10 हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान है।
अनुमति आदेश में आयोजकों को आपत्तिजनक तस्वीरों, पोस्टर या बैनर के प्रदर्शन पर रोक लगाने तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत न हों। साथ ही कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी आयोजकों की होगी।
महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष मोहन जोशी ने पुलिस की अनुमति मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यक्रम के लिए निर्धारित सभी नियमों और शर्तों का पालन करेगी।
पुलिस ने कार्यक्रम स्थल पर पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग व्यवस्थाएं, पर्याप्त प्रवेश एवं निकास द्वार, पेयजल, शौचालय, अग्निशमन उपकरण और पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराने को कहा है। इसके अलावा फोटोग्राफी या अन्य गतिविधियों के लिए ड्रोन के इस्तेमाल पर भी प्रतिबंध रहेगा।
आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस, चिकित्सा और दमकल वाहनों के लिए रास्ता हर समय खुला रखना अनिवार्य होगा। कार्यक्रम की अनुमति यातायात विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र मिलने के बाद ही प्रभावी होगी।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली किसी अवैध गतिविधि या आयोजन स्थल को लेकर विवाद की स्थिति में अनुमति को तत्काल रद्द किया जा सकता है।






