कुरुक्षेत्र, 21 अगस्त:2026 उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा हरियाणा में चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत मतदाताओं की सुविधा के लिए 22-23 अगस्त और 29-30 अगस्त को विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इन तिथियों पर शनिवार और रविवार को जिले के सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे और पात्र मतदाताओं से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे। इन विशेष अभियान के दिनों में बीएलओ की छुट्टियां रद्द रहेंगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे प्रारंभिक मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है तो फॉर्म-6 के माध्यम से आवश्यक दस्तावेज और घोषणा-पत्र के साथ नाम शामिल करवाने के लिए दावा प्रस्तुत किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम, पता, आयु, फोटो या अन्य विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकता है। वहीं किसी अपात्र, मृत, स्थानांतरित अथवा अन्य स्थान पर पहले से पंजीकृत मतदाता का नाम हटाने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-7 के माध्यम से आपत्ति दर्ज की जा सकती है।
दावे और आपत्तियां संबंधित निर्वाचन पंजीयन अधिकारी (ईआरओ) या सहायक निर्वाचन पंजीयन अधिकारी (एईआरओ) के कार्यालय में जमा की जा सकती हैं। नागरिक ऑनलाइन माध्यम से भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
उपायुक्त ने कहा कि विशेष अभियान के दौरान नागरिक अपने क्षेत्र के संबंधित बीएलओ या निर्वाचन पंजीयन अधिकारी से मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी और सहायता प्राप्त कर सकते हैं। दावे और आवेदन 30 अगस्त 2026 तक प्रस्तुत किए जा सकते हैं।






