हरियाणा, 22 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा सरकार ने तत्काल प्रभाव से 6 आई.ए.एस. और 10 एच.सी.एस. अधिकारियों के तबादले एवं नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं। आई.ए.एस. अधिकारियों में श्री विजय सिंह दहिया, जो वर्तमान में स्कूल शिक्षा, पशुपालन एवं डेयरी तथा खेल विभाग के प्रधान सचिव के रूप में कार्यरत हैं, को स्कूल शिक्षा, पशुपालन एवं डेयरी तथा नागरिक उड्डयन विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है।
श्रीमती अमनीत पी. कुमार, जो वर्तमान में भविष्य विभाग और विदेशी सहयोग विभाग की प्रधान सचिव हैं, को खेल विभाग के प्रधान सचिव का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
श्री राजीव रतन, जो वर्तमान में कार्मिक, प्रशिक्षण एवं संसदीय मामले विभाग के सचिव, निदेशक प्रशिक्षण (पदेन), विजिलेंस विभाग के जांच अधिकारी तथा आपूर्ति एवं निपटान विभाग के महानिदेशक के रूप में कार्यरत हैं, को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के महानिदेशक का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।
श्रीमती शरणदीप कौर बराड़ को केंद्र सरकार से वापस लौटने के बाद हरियाणा राज्य वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन की प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।
श्री मुनीश शर्मा, जो वर्तमान में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी के सचिव हैं, को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, पंचकूला में प्रशासक (मुख्यालय) नियुक्त किया गया है।
श्री दीपक बाबूलाल करवा, जो वर्तमान में भिवानी और चरखी दादरी में अतिरिक्त उपायुक्त-सह-जिला नागरिक संसाधन सूचना अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं, को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी के सचिव का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
एच.सी.एस अधिकारियों में कुमारी ममता, जो वर्तमान में नियुक्ति आदेशों की प्रतीक्षा कर रही थीं, को अनुसूचित जातियां एवं पिछड़े वर्ग कल्याण विभाग की अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) तथा हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण की अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
श्रीमती मीनाक्षी राज, जो वर्तमान में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, पंचकूला की सचिव तथा निगरानी एवं समन्वय प्रकोष्ठ में संयुक्त सचिव के रूप में कार्यरत हैं और समाधान प्रकोष्ठ का कार्य देख रही हैं, को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की संयुक्त सचिव तथा निगरानी एवं समन्वय प्रकोष्ठ की संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। वह समाधान प्रकोष्ठ का कार्य भी देखेंगी। इसके अलावा, उन्हें भूमि चकबंदी एवं भू-अभिलेख विभाग की अतिरिक्त निदेशक भी नियुक्त किया गया है।
श्री वीरेंद्र चौधरी, जो वर्तमान में कुरुक्षेत्र के अतिरिक्त उपायुक्त-सह-जिला नागरिक संसाधन सूचना अधिकारी हैं, को शहरी स्थानीय निकाय विभाग का अतिरिक्त निदेशक नियुक्त किया गया है।
श्री दीपक कुमार, जो वर्तमान में नियुक्ति आदेशों की प्रतीक्षा कर रहे थे, को आयुष विभाग का संयुक्त निदेशक (प्रशासन) नियुक्त किया गया है।
श्री जितेंद्र जोशी, जो वर्तमान में मौलिक शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक (प्रशासन) हैं, को उच्च शिक्षा विभाग का संयुक्त निदेशक (प्रशासन) एवं उप सचिव नियुक्त किया गया है।
श्री दर्शन यादव, जो वर्तमान में मानेसर के उपमंडल अधिकारी (नागरिक) हैं, को नगर निगम मानेसर का संयुक्त आयुक्त नियुक्त किया गया है।
श्री जय प्रकाश, जो वर्तमान में अनुसूचित जातियां एवं पिछड़े वर्ग कल्याण विभाग के संयुक्त निदेशक (प्रशासन) तथा हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण के संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं, को नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में संयुक्त आवासीय आयुक्त नियुक्त किया गया है।
श्री गुलजार मलिक, जो वर्तमान में जींद सहकारी चीनी मिल के प्रबंध निदेशक हैं, को कैथल जिला परिषद एवं डीआरडीए का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
श्री नीरज शर्मा, जो वर्तमान में उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक (प्रशासन) एवं उप सचिव तथा हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सचिव (कानूनी) हैं, को मौलिक शिक्षा विभाग का संयुक्त निदेशक (प्रशासन) तथा हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग का सचिव (कानूनी) नियुक्त किया गया है।
श्री लोकेश, जो वर्तमान में मानेसर नगर निगम के संयुक्त आयुक्त हैं, को मानेसर का उपमंडल अधिकारी (नागरिक) नियुक्त किया गया है।






