Wednesday, August 26, 2026
HomeHaryanaसरकार युवाओं के सपनों को पंख देने के लिए उनके साथ खड़ी...

सरकार युवाओं के सपनों को पंख देने के लिए उनके साथ खड़ी है – मुख्यमंत्री

गुरुग्राम, 22 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आने वाला समय नई तकनीक, इनोवेशन और नई सोच का है। आज का युवा केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि अपना उद्यम स्थापित कर रोजगार देने वाला बनना चाहता है। हरियाणा सरकार का प्रयास है कि युवाओं के सपनों और नए विचारों को सही मार्गदर्शन, तकनीकी सहायता, प्रशिक्षण और वित्तीय सहयोग उपलब्ध करवाकर उन्हें धरातल पर उतारा जाए।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी गुरुग्राम विश्वविद्यालय में आयोजित Gen-H स्टार्टअप समिट–युवा उद्यमी चौपाल में Gen-Z युवाओं और युवा उद्यमियों के साथ सीधे संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसी औपचारिक मंच से भाषण देना नहीं, बल्कि युवाओं के बीच बैठकर उनके विचार सुनना, उनकी चुनौतियों को समझना और उनके सवालों का सीधा जवाब देना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाला समय नई टेक्नोलॉजी, इनोवेशन और नई सोच का है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे बदलती तकनीक के साथ खुद को अपडेट रखें और अपने विचारों को केवल विचार तक सीमित न रखते हुए उन्हें स्टार्टअप और सफल उद्यम में बदलने का प्रयास करें। इस अवसर पर उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह, मुख्यमंत्री के ओएसडी राज नेहरू, वीरेंद्र बढ़खालसा और विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रोफेसर संजय कौशिक भी मौजूद रहे।

आइडिया से एंटरप्राइज और एंटरप्राइज से रोजगार तक का सफर

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल इस बात की है कि उनके विचारों को सही दिशा, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और आवश्यक संसाधन मिलें। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार ऐसा मजबूत उद्यमिता इकोसिस्टम तैयार कर रही है, जहां युवा अपने आइडिया को बिजनेस में बदलने के लिए आवश्यक जानकारी और सहयोग प्राप्त कर सकें।

उन्होंने कहा कि सरकार का विजन स्पष्ट है—“विचार से उद्यम और उद्यम से रोजगार।” यानी एक विचार को उद्यम में बदलना और उस उद्यम के माध्यम से खुद के साथ-साथ अन्य युवाओं के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करना।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार, शिक्षण संस्थानों, उद्योग जगत, स्टार्टअप्स और सामाजिक संस्थाओं को एक मंच पर लाकर युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवा रही है।

युवा उद्यमियों को हरसंभव सहयोग देगी सरकार

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाएंगी। स्टार्टअप शुरू करने वाले युवाओं को फंडिंग, तकनीकी सहायता, प्रशिक्षण, मेंटरशिप और बाजार की जरूरतों से संबंधित मार्गदर्शन उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस समय प्रदेश में 12,500 स्टार्टअप हैं। उन्होंने आह्वान किया कि प्रत्येक स्टार्टअप अपना एक और नया स्टार्टअप खड़ा करे, ताकि प्रदेश में 25,000 से अधिक स्टार्टअप का नेटवर्क तैयार हो सके।

उन्होंने कहा कि Gen-H युवा उद्यमी चौपाल इसी सोच को आगे बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण मंच है। कार्यक्रम में सफल युवा उद्यमियों द्वारा अपने अनुभव साझा किए जा रहे हैं, ताकि नए उद्यम शुरू करने के इच्छुक युवा यह समझ सकें कि किसी आइडिया को शुरुआत से सफल कारोबार तक कैसे पहुंचाया जा सकता है।

छह मास्टर क्लासरूम में युवाओं को मिला व्यावहारिक प्रशिक्षण

कार्यक्रम में छह मास्टर क्लासरूम स्थापित किए गए, जहां सफल उद्यमियों ने युवाओं को स्टार्टअप स्थापित करने और उसे आगे बढ़ाने के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। प्रत्येक मास्टर क्लासरूम में लगभग 50 युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल प्रशिक्षण देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं को आगे भी व्यावहारिक अनुभव से जोड़ना जरूरी है। इसी उद्देश्य से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को MSMEs से जोड़ने की व्यवस्था की गई है, ताकि वे वास्तविक कारोबारी माहौल को समझ सकें और अपने उद्यम को बेहतर तरीके से आगे बढ़ा सकें।

स्टार्टअप रूम में सफल उद्यमियों से मिला सीधा मार्गदर्शन

युवा उद्यमी चौपाल में स्थापित स्टार्टअप रूम में सफल उद्यमियों ने युवाओं को स्टार्टअप शुरू करने की बारीकियों से अवगत करवाया। बैंकों की ओर से ऋण और वित्तीय सहायता से संबंधित जानकारी दी गई, जबकि स्किल यूनिवर्सिटी के विशेषज्ञों ने भी युवाओं को आवश्यक प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को यह पता होना चाहिए कि अपना स्टार्टअप शुरू करने के बाद किसी भी स्तर पर सहायता या मार्गदर्शन की आवश्यकता पड़ने पर वे कहां संपर्क कर सकते हैं। सरकार इस दिशा में ऐसा तंत्र विकसित कर रही है, जिसमें युवा खुद को अकेला महसूस न करे और अपने आइडिया को आगे बढ़ाने के लिए उसे उचित संस्थागत सहयोग मिलता रहे।

हरियाणा के हर जिले तक पहुंचेगी ‘युवा उद्यमिता यात्रा’

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने ‘युवा उद्यमिता यात्रा’ की शुरुआत करते हुए कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल गुरुग्राम तक सीमित रहना नहीं है। यात्रा के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों के कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, आईटीआई, कोचिंग संस्थानों और अन्य शिक्षण संस्थानों तक पहुंच बनाई जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के रूट पहले से निर्धारित किए जाएं और जिन शिक्षण संस्थानों में यात्रा पहुंचेगी, वहां विद्यार्थियों को इसकी जानकारी समय पर दी जाए। युवाओं को बताया जाए कि वे अपने स्टार्टअप आइडिया को हकीकत में बदलने के लिए यात्रा के माध्यम से उपलब्ध मार्गदर्शन और सहायता का लाभ कैसे उठा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शनियां आयोजित की जाएं और बैंकों के स्टॉल लगाकर युवाओं को ऋण एवं वित्तीय सहायता से संबंधित जानकारी उपलब्ध करवाई जाए।

45 हजार से अधिक आइडिया, 400 युवा उद्यमी और नई संभावनाओं का मंच

Gen-H स्टार्टअप सम्मेलन में प्रदेश के युवाओं की उद्यमशील क्षमता का व्यापक प्रदर्शन देखने को मिला। राज्य के Ideathon में अब तक 45 हजार से अधिक आइडिया सामने आ चुके हैं, जबकि लगभग 400 युवा उद्यमियों ने इस सम्मेलन में भाग लिया।

इनमें से चयनित युवा उद्यमियों ने राउंडटेबल चर्चा के माध्यम से अपने अनुभव, चुनौतियां और नए विचार साझा किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में युवाओं के नए विचार सामने आना इस बात का प्रमाण है कि हरियाणा का युवा नई सोच और नई संभावनाओं के साथ आगे बढ़ रहा है। आवश्यकता इन विचारों को सही दिशा देने और उन्हें सफल उद्यमों में बदलने की है।

AI और आधुनिक तकनीक को अपनाएं युवा

मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि आज दुनिया तेजी से बदल रही है। ऐसे समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स और अन्य आधुनिक तकनीकों को समझना और उनका इस्तेमाल करना बेहद जरूरी है। युवा जितनी तेजी से नई तकनीकों को अपनाएंगे, उतनी ही तेजी से वे वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम होंगे।

उन्होंने कहा कि हरियाणा के युवा केवल प्रदेश या देश तक सीमित न रहें, बल्कि अपने विचारों और उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की सोच के साथ आगे बढ़ें।

मुख्यमंत्री ने सुने युवाओं के सवाल, दिए सीधे जवाब

कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का युवाओं के साथ खुला संवाद रहा। युवाओं ने स्टार्टअप शुरू करने, फंडिंग, तकनीकी सहयोग, प्रशिक्षण, रोजगार और भविष्य की संभावनाओं से जुड़े विषयों पर मुख्यमंत्री के सामने अपने सवाल और विचार रखे।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके आइडिया और उनकी उम्मीदों को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रतिभाशाली युवा केवल नौकरी की तलाश करने वाले न बनें, बल्कि अपने उद्यम स्थापित करके दूसरों को भी रोजगार देने की क्षमता विकसित करें।

उन्होंने युवाओं से कहा कि सफलता के रास्ते में आने वाली चुनौतियों और असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। एक सफल उद्यम की शुरुआत छोटे से विचार से हो सकती है, लेकिन लगातार प्रयास, सही मार्गदर्शन और नई सोच उसे बड़ी सफलता में बदल सकती है।

युवा शक्ति ही विकसित हरियाणा की सबसे बड़ी ताकत

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की युवा शक्ति प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है। सरकार युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और इनोवेटिव सोच को प्रदेश के आर्थिक विकास से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि Gen-H युवा उद्यमी चौपाल केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हरियाणा के युवाओं को उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ाने की एक व्यापक पहल है। इसका उद्देश्य प्रदेश के हर युवा तक यह संदेश पहुंचाना है कि यदि उसके पास कोई नया विचार है तो उसे अवसर, मार्गदर्शन और सहयोग मिल सकता है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे बड़े सपने देखें, नई सोच के साथ आगे बढ़ें और अपने आइडिया को हकीकत में बदलने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के सपनों को पंख देने के लिए उनके साथ खड़ी है।

इस कार्यक्रम में गुरुग्राम विश्वविद्यालय, मास्टर्स यूनियन विश्वविद्यालय, मानव रचना विश्वविद्यालय फरीदाबाद, ऋषिहुड विश्वविद्यालय सोनीपत, श्री विश्वकर्मा स्किल विश्वविद्यालय पलवल, प्लेनएक्स स्टार्टअप और एज प्रमोटर्स का विशेष योगदान रहा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments