संगरूर, 22 अगस्त,2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): सामाजिक सुरक्षा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग, पंजाब के दिशा-निर्देशों के तहत जिला कार्यक्रम अधिकारी संगरूर प्रदीप सिंह गिल के नेतृत्व में जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में मासिक अर्ली चाइल्डहुड केयर एंड एजुकेशन (ई.सी.सी.ई.) दिवस मनाया गया। इस माह की थीम “बच्चे की खुशी की भावना को समझना और पहचानना” रही।

इस दौरान 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के मानसिक, शारीरिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास से जुड़ी विभिन्न रोचक एवं शिक्षाप्रद गतिविधियां करवाई गईं। आंगनवाड़ी वर्करों और हेल्परों ने बच्चों को तस्वीरों, खेलों और अन्य गतिविधियों के माध्यम से खुशी की भावना को पहचानने तथा अपनी खुशी दूसरों के साथ साझा करने के लिए प्रेरित किया। बच्चों ने इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रदीप सिंह गिल ने बताया कि ईसीसीई दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य बच्चों की प्रारंभिक सीखने की क्षमताओं को मजबूत करने के साथ-साथ उनके भावनात्मक और सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और टीकाकरण के साथ-साथ उनकी भावनाओं को समझने तथा उनके साथ प्यार और स्नेह से व्यवहार करने संबंधी जानकारी भी दी गई।
आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की भागीदारी को प्रोत्साहित करते हुए उनकी हौसला-अफजाई की गई और खेल-आधारित शिक्षा को बढ़ावा दिया गया। अभिभावकों ने भी इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।






