हरियाणा , 22 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा सरकार ने प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा ढांचे को मजबूत करने और दूर-दराज के इलाकों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। राज्य की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में 9 नए उप-स्वास्थ्य केंद्र खोलने और 1 उप-स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पी.एच.सी) में अपग्रेड करने की मंजूरी दी है।
इस फैसले का सबसे बड़ा लाभ नूंह (मेवात) जिले को मिलेगा, जहां 7 नए उप-स्वास्थ्य केंद्र खोले जाएंगे। इनमें गांव रानिका, देवला नंगली, महूं, गौधोला, लफुरी, बड़ेड़ और चीला शामिल हैं। इसके अलावा रेवाड़ी जिले के गांव भांडोर और सिरसा जिले के गांव मोचीवाली में भी एक-एक नया उप-स्वास्थ्य केंद्र खोला जाएगा। वहीं, गुरुग्राम जिले के गांव रणसीका स्थित मौजूदा उप-स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा बढ़ाकर उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तब्दील किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि सरकार का मुख्य उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक बेहतर उपचार की सुविधा पहुंचाना है। नूंह जैसे विकास की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में 7 नए केंद्र खुलने से वहां मातृ एवं शिशु देखभाल, नियमित टीकाकरण और प्राथमिक उपचार की सुविधा लोगों के लिए अधिक सुलभ होगी।
दूसरी ओर, रणसीका में पीएचसी बनने से गुरुग्राम के इस ग्रामीण क्षेत्र में डॉक्टरों की उपलब्धता, बुनियादी जांच और 24 घंटे की प्राथमिक आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इससे ग्रामीणों को इलाज के लिए बड़े शहरों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
यह निर्णय प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।






