जाखल मंडी, फतेहाबाद, 22 अगस्त 2026 (संजीव शर्मा): बी.एल.जे डी.ए.वी पब्लिक स्कूल, जाखल मंडी में वेद सप्ताह एवं सामाजिक सेवा कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण और यज्ञ के साथ किया गया। इस अवसर पर स्कूल के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा वेदों की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान चतुर्वेद शतक पारायण यज्ञ का आयोजन किया गया। इसमें चारों वेदों के चयनित मंत्रों के साथ विशेष आहुतियां दी गईं। विद्यार्थियों ने अनुशासन के साथ यज्ञ में भाग लेते हुए वैदिक संस्कृति और संस्कारों के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
वेद सप्ताह के तहत स्कूल में विभिन्न सामाजिक एवं जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इनमें वृक्षारोपण अभियान, वैदिक यज्ञ एवं हवन, रक्तदान जागरूकता तथा वेदों और आर्य विचारधारा के प्रचार-प्रसार से संबंधित कार्यक्रम शामिल हैं। इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सेवा, भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता पैदा करना है।
स्कूल के कार्यकारी प्रभारी विजय गर्ग ने कहा कि वेद सप्ताह के माध्यम से विद्यार्थियों को वेदों के ज्ञान से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें समाज और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस अवसर पर स्कूल परिसर में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भाग लिया।






