नई दिल्ली,23 अगस्त,2026 (राजेश कुमार): दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालिंदी कुंज इलाके में शुक्रवार रात एक 30 वर्षीय युवक ने यमुना नदी में छलांग लगाकर जान देने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस की तत्परता के चलते उसकी जान बच गई और उसे सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस के मुताबिक युवक की पहचान ओखला की संजय कॉलोनी निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है। वह पेशे से डांस शिक्षक है और माली का काम भी करता है। बताया गया कि वह भोला घाट के पास यमुना में कूद गया था।
पूछताछ में दीपक ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ समय से उसकी आमदनी काफी कम हो गई थी। ऐसे में महंगे iPhone की मासिक किस्तें चुकाना उसके लिए मुश्किल होता जा रहा था। आर्थिक दबाव और लगातार बढ़ते तनाव के कारण उसने यह कदम उठाने का फैसला किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान चलाकर युवक को नदी से बाहर निकाल लिया। बाद में पुलिस ने उसके परिजनों को बुलाया और युवक की काउंसलिंग कराई। इसके बाद उसे सुरक्षित परिवार के साथ घर भेज दिया गया।
पुलिस की समय पर की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।






