कपूरथला, 23 अगस्त 2026 (जगदेव सिंह जगी): अमेरिका के न्यूयॉर्क में पिज्जा डिलीवरी करने गए 25 वर्षीय पंजाबी युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गुरदीप सिंह के रूप में हुई है, जो कपूरथला जिले के भुलत्थ क्षेत्र के गांव जाबोवाल का रहने वाला था।
परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, गुरदीप सिंह करीब 9 साल पहले रोजगार के लिए अमेरिका गया था। उसके पिता प्यारे लाल ने बताया कि गुरदीप की स्थायी निवास से संबंधित मामला भी अमेरिकी अदालत में चल रहा था।
परिवार के सदस्यों के मुताबिक, गुरदीप पहले एक स्टोर में काम करता था, लेकिन बाद में उसने पिज्जा डिलीवरी का काम शुरू कर दिया। 22 अगस्त को वह पिज्जा डिलीवर करने गया था। बताया जा रहा है कि पिज्जा डिलीवरी करने के बाद जब गुरदीप ने ग्राहक से डिलीवरी के पैसे मांगे, तो हमलावरों ने उस पर गोली चला दी।
गंभीर रूप से घायल गुरदीप की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। गुरदीप सिंह की मौत की खबर के बाद गांव जाबोवाल और पूरे इलाके में भी मातम का माहौल है।
परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।






