चंडीगढ़,23 अगस्त,2026 (छत्रपाल सिंह): पंजाब की बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज, फरीदकोट और आई.के. गुजराल पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी, जालंधर को जल्द नए वाइस चांसलर मिल सकते हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दोनों विश्वविद्यालयों के लिए तीन-तीन नामों का पैनल राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को भेज दिया है। अब राज्यपाल इन पैनलों में से एक-एक नाम को मंजूरी दे सकते हैं।
बाबा फरीद यूनिवर्सिटी के पूर्व वी.सी. डॉ. राजीव सूद का कार्यकाल पूरा होने के बाद 25 जुलाई से आई.ए.एस. अधिकारी मनजीत सिंह बराड़ के पास अतिरिक्त प्रभार है। वी.सी. पद के लिए 70 आवेदन आए थे, जिनमें से तीन नाम शॉर्टलिस्ट किए गए।
वहीं, पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी के वी.सी. पद के लिए 10 उम्मीदवारों में से तीन नाम फाइनल हुए हैं। फिलहाल डीन अकादमिक डॉ. यादविंदर सिंह बराड़ कार्यवाहक वी.सी. की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
सरकार पंजाब कृषि विश्वविद्यालय, लुधियाना के नए वी.सी. की नियुक्ति की प्रक्रिया भी आगे बढ़ा रही है। डॉ. सतबीर सिंह गोसली 18 अगस्त को वी.सी. पद से सेवानिवृत्त हुए हैं।






