नांगल चौधरी, 23 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को नांगल चौधरी क्षेत्र में इंटीग्रेटेड मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स हब के रेल संपर्क के शुभारंभ समारोह के बाद उद्योगपतियों और निवेशकों के साथ बैठक में कहा कि आज केवल एक ट्रेन को रवाना नहीं किया गया है, बल्कि हरियाणा की नई आर्थिक गति को हरी झंडी दिखाई गई है। इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, नारनौल के विधायक ओम प्रकाश यादव और महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा अब केवल वस्तुओं का उत्पादक नहीं रहेगा, बल्कि अपने उत्पादों को वैश्विक और घरेलू बाजारों तक तेजी से पहुंचाने वाला एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा। उन्होंने इस दूरगामी परियोजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निरंतर मार्गदर्शन और निगरानी में यह एकीकृत बहु-प्रणाली माल ढुलाई केंद्र प्रदेश के समग्र विकास में ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस महत्वपूर्ण योजना की मजबूत नींव रखी थी। अब यह परियोजना प्रधानमंत्री के वर्ष 2047 के ‘विकसित भारत’ के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का नया विकास मॉडल जमीनी स्तर पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस मॉडल के माध्यम से हरियाणा के स्थानीय उत्पाद सीधे दुनिया के बड़े बाजारों तक अपनी मजबूत पहुंच बनाएंगे। उन्होंने कहा कि यह पूरा क्षेत्र आने वाले समय में प्रदेश की प्रमुख आर्थिक राजधानी के रूप में अपनी पहचान स्थापित करेगा।
उन्होंने बताया कि समग्र दृष्टि से यह पूरी परियोजना दो चरणों में कुल 886 एकड़ के विशाल भू-भाग पर विकसित की जा रही है। फिलहाल पहले चरण में 408 एकड़ क्षेत्र में काम पूरा हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां आधुनिक माल ढुलाई, भंडारण, वस्तुओं की लोडिंग-अनलोडिंग और उनके तत्काल प्रेषण की व्यवस्था को बेहद व्यवस्थित और समय बचाने वाला बनाया गया है। इससे न केवल उद्योगों के समय और धन की बचत होगी, बल्कि औद्योगिक दक्षता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
उन्होंने देश और प्रदेश के प्रमुख उद्योगपतियों से अपील की कि वे सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) व्यवस्था के तहत आमंत्रित किए गए टेंडरों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और हरियाणा की इस अभूतपूर्व प्रगति यात्रा में सक्रिय भागीदार बनें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आधुनिक केंद्र आने वाले दिनों में स्थानीय युवाओं, व्यापारियों और उद्योगपतियों के लिए समृद्धि के अनगिनत नए अवसर पैदा करेगा।






