फतेहाबाद,24 अगस्त, 2026 (संजीव शर्मा): 24 अगस्त को हिज़रावां कलां स्थित श्री रविदास महाराज जी के मंदिर स्थल पर आयोजित होने वाले कलश वंदन कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनज़र आज भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित कार्यकर्ताओं एवं आयोजकों से आवश्यक चर्चा की और तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम में माननीय कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी जी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों की सुविधा, बैठने की व्यवस्था, यातायात, पार्किंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर कार्यकर्ताओं से जानकारी ली तथा सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
यह जानकारी देते हुए जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी ने बताया कि श्री रविदास महाराज जी के मंदिर स्थल पर आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम श्रद्धा और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल एवं भव्य बनाने के लिए पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया।






