लखनऊ, 24 अगस्त,2026 (राजेश कुमार): जी.एस.टी. धोखाधड़ी से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को उत्तर प्रदेश और हरियाणा में कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आई.टी.सी.) के जरिए सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने के आरोपों को लेकर की गई।
अधिकारियों के अनुसार, ईडी ने मुजफ्फरनगर और गाजियाबाद में नौ परिसरों के अलावा हरियाणा के फरीदाबाद में भी तलाशी ली। मामला जंबूद्वीप एक्सपोर्ट एंड इंपोर्ट कंपनी से जुड़ा बताया जा रहा है।
आरोप है कि कंपनी ने वास्तविक माल की आपूर्ति किए बिना फर्जी चालान और ई-वे बिल के जरिए करीब 9.63 करोड़ रुपये का फर्जी आई.टी.सी. हासिल किया और इसे अन्य संस्थाओं तक पहुंचाया।
ईडी के मुताबिक, जांच के दौरान कथित फर्जी कंपनियों के जरिए पैसों के लेन-देन और नकद निकासी के साक्ष्य सामने आए हैं। तलाशी अभियान का उद्देश्य कथित अपराध से अर्जित धन का पता लगाने, अन्य लाभार्थियों की पहचान करने और डिजिटल व दस्तावेजी सबूत जुटाना है।






