नागपुर, 24 अगस्त,2026 (विशाल गुप्ता): महाराष्ट्र के नागपुर में रविवार देर रात क्लोरीन गैस रिसाव की घटना से हड़कंप मच गया। गोधानी नगर क्षेत्र के एक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से करीब रात 1 बजे गैस लीक होने की सूचना मिली।
घटना के बाद पुलिस, दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। गैस के संपर्क में आने से करीब 40 लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने प्लांट के आसपास 200 मीटर का क्षेत्र प्रतिबंधित कर बैरिकेडिंग कर दी। स्थानीय लोगों को भी एहतियात के तौर पर घर खाली करने की सलाह दी गई।
स्थिति पर काबू पाने के लिए एन.डी.आई.एफ. और नगर निगम की फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं और गैस रिसाव के प्रभाव को खत्म करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।






