मुंबई/हरियाणा , 24 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा सरकार ने रविवार को देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में ‘हैपनिंग हरियाणा 2.0’ अंतरराष्ट्रीय आउटरीच और ग्लोबल कैपिटल कैंपेन की शुरुआत की। 23 से 25 अगस्त तक आयोजित तीन दिवसीय इन्वेस्टर समिट के दौरान करीब 66,000 करोड़ रुपये से अधिक के समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अभियान के तहत मुंबई में रह रहे हरियाणवी प्रवासी परिवारों से संवाद किया। इस दौरान उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी मौजूद रहे। बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा और अभिनेत्री मेघना मलिक ने भी कार्यक्रम में शिरकत कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हरियाणा से बाहर रहने वाले लोग केवल प्रवासी नहीं हैं, बल्कि वे राज्य की ताकत और सकारात्मक पहचान के प्रतिनिधि हैं। उन्होंने प्रवासी हरियाणवियों से अपनी जन्मभूमि से जुड़े रहने के साथ-साथ प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि हरियाणा और मुंबई का रिश्ता केवल जन्मभूमि और कर्मभूमि का नहीं, बल्कि संस्कार और अवसर, मेहनत और विस्तार का रिश्ता है। हरियाणा ने अपने लोगों को मेहनत, अनुशासन और विपरीत परिस्थितियों में डटे रहने के संस्कार दिए, जबकि मुंबई ने उनकी प्रतिभा को बड़े अवसरों में बदलने का मंच प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंबई में बसे हरियाणवी दोनों क्षेत्रों के बीच एक मजबूत सेतु की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण योगदान है।

विकास की नई राह पर हरियाणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा अब केवल कृषि प्रधान राज्य की पहचान तक सीमित नहीं है। उद्योग, सेवा क्षेत्र, तकनीक, स्टार्टअप, लॉजिस्टिक्स, खेल, शिक्षा और इनोवेशन प्रदेश की विकास यात्रा के नए आधार बन रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ प्रदेश के हर हिस्से तक पहुंचे और ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास तथा रोजगार के बेहतर अवसर मिलें। किसानों को आधुनिक तकनीक, प्रोसेसिंग, ब्रांडिंग और निर्यात से जोड़ने के साथ-साथ एमएसएमई को बड़ी सप्लाई चेन से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
सैनी ने प्रवासी हरियाणवियों से कहा कि उनके पास अनुभव, विशेषज्ञता, व्यावसायिक नेटवर्क और संसाधन हैं, जिनका लाभ हरियाणा के युवाओं, उद्यमियों और संस्थानों को मिल सकता है। उन्होंने कहा, “मैं आपसे केवल निवेश नहीं, बल्कि विचार और भागीदारी भी मांगने आया हूं।”
उन्होंने प्रवासी समाज से विद्यार्थियों के मार्गदर्शन, स्टार्टअप मेंटरिंग, खिलाड़ियों को सहयोग, महिला स्वयं सहायता समूहों को बाजार से जोड़ने और हरियाणा के उत्पादों को मुंबई तथा वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की।
मुंबई की विशेषज्ञता से हरियाणा को जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, फिनटेक, मीडिया एवं मनोरंजन, डिजाइन, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, स्वच्छ ऊर्जा, खेल प्रबंधन, एग्री-टेक और वैश्विक सेवाओं जैसे क्षेत्रों में मुंबई का अनुभव हरियाणा के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है।
उन्होंने कहा कि ऐसा मजबूत प्लेटफॉर्म विकसित किया जाना चाहिए, जहां मुंबई में रहने वाला हरियाणवी युवा प्रदेश के किसी विद्यार्थी, स्टार्टअप या संस्थान से जुड़कर अपना ज्ञान और अनुभव साझा कर सके।
मुख्यमंत्री ने हरियाणवी समाज से अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार राज्य से बाहर रहने वाले अपने नागरिकों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सुख-दुख, संकट, अवसर और जिम्मेदारी—हर परिस्थिति में हरियाणा अपने लोगों के साथ परिवार की तरह खड़ा है।
कृषि और खेलों के साथ अन्य क्षेत्रों में भी आगे बढ़ रहा हरियाणा: राव नरबीर सिंह
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि हरियाणा के लोगों ने जहां भी कदम रखा, वहां अपनी मेहनत और लगन से सफलता के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा केवल कृषि और खेलों के क्षेत्र में ही अग्रणी नहीं है, बल्कि उद्योग, आईटी, ऑटोमोबाइल, स्टार्टअप, शिक्षा, स्वास्थ्य और सेवा क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार कर रही है तथा उद्योगों को आवश्यक सुविधाओं के साथ बेहतर बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराया जा रहा है।
पारंपरिक मूल्यों के साथ विकसित राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा हरियाणा: डॉ. अमित अग्रवाल
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने मुख्यमंत्री, उद्योग मंत्री और प्रवासी हरियाणवियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा की पहचान देश के साथ-साथ विदेशों में भी मजबूत हो रही है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा आज देश के समृद्ध राज्यों में शामिल है और अपने पारंपरिक मूल्यों को सुरक्षित रखते हुए विकसित राज्य बनने की दिशा में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। इस विकास यात्रा में उद्योग जगत की भूमिका महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं सांस्कृतिक मामलों के आयुक्त एवं सचिव के. मकरंद पांडुरंग सहित बड़ी संख्या में प्रवासी हरियाणवी और उनके परिवार के सदस्य मौजूद रहे।






