Wednesday, August 26, 2026
HomePunjabसड़कों पर घूम रहे बेसहारा गोवंश को गौशालाओं में पहुंचाने के लिए...

सड़कों पर घूम रहे बेसहारा गोवंश को गौशालाओं में पहुंचाने के लिए अधिकारी जिम्मेदारी से काम करें: उप चेयरमैन कीमती भगत

फतेहगढ़ साहिब, 26 अगस्त,2026 (अमनदीप सरां): पंजाब गौ सेवा आयोग के उप चेयरमैन श्री कीमती भगत ने आज स्थानीय जिला प्रशासनिक परिसर में बेसहारा गोवंश की देखभाल और जिले की गौशालाओं में गोवंश के लिए जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा गौशालाओं के प्रबंधकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।

उप चेयरमैन श्री कीमती भगत ने बताया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य की 518 गौशालाओं के बिजली बिल माफ कर गौशालाओं को बड़ी राहत दी है। इससे गौशालाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार के इस फैसले का गौशालाओं के प्रबंधकों द्वारा जोरदार स्वागत किया जा रहा है।

उन्होंने जिला फतेहगढ़ साहिब में सड़कों पर घूम रहे बेसहारा गोवंश को सरकारी या निजी गौशालाओं में पहुंचाने के लिए संबंधित विभागों को पूरी जिम्मेदारी और सेवा भावना के साथ अग्रणी भूमिका निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि गढ़ोलियां में 18 एकड़ भूमि पर करीब 1.76 करोड़ रुपये की लागत से सरकारी गौशाला बनाई गई है, जिसमें लगभग 5 हजार पशुओं को रखने की क्षमता है।

उन्होंने शहरी क्षेत्रों में कार्यसाधक अधिकारियों तथा गांवों में बीडीपीओ को सड़कों पर घूम रहे बेसहारा गोवंश को सरकारी या निजी गौशालाओं में पहुंचाने के निर्देश दिए।

श्री कीमती भगत ने बताया कि घायल या बीमार पशुओं के इलाज के लिए पंजाब सरकार द्वारा जिला फतेहगढ़ साहिब की 11 गौशालाओं में करीब 3 करोड़ 6 लाख रुपये की लागत वाले काऊ-लिफ्टर उपलब्ध करवाए गए हैं। उन्होंने डिप्टी डायरेक्टर पशुपालन डॉ. भूपिंदर पाल सिंह को निर्देश देते हुए कहा कि सरकारी और निजी गौशालाओं में पशुओं के मेडिकल चेकअप के लिए पशु चिकित्सा अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाए। संबंधित ड्यूटी रोस्टर प्रत्येक गौशाला के नोटिस बोर्ड पर भी लगाया जाए।

इस अवसर पर एसडीएम बस्सी पठाना दीपजोत कौर, सहायक कमिश्नर सूबा सिंह, डीडीपीओ जसप्रीत कौर, डीएसपी खुशप्रीत सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष सतीश कुमार के अलावा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि और अलग-अलग गौशालाओं के प्रबंधक मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments