बठिंडा, 27 अगस्त,2026 (जगदेव रंचना): पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने राज्य के युवा क्रिकेटरों को आगे बढ़ाने के लिए आईपीएल की तर्ज पर ‘शेर-ए-पंजाब लीग’ आयोजित करने की घोषणा की है। लीग में बठिंडा, अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, मोहाली और फाजिल्का की छह टीमें हिस्सा लेंगी।
बठिंडा में बठिंडा रॉयल टीम की जर्सी लॉन्च करते हुए PCA अध्यक्ष अमरजीत मेहता ने कहा कि पंजाब में प्रतिभाशाली क्रिकेटरों की कमी नहीं है, लेकिन उन्हें अपनी क्षमता दिखाने के लिए बड़े मंच की जरूरत है।
बठिंडा रॉयल की कमान गुरनूर बराड़ संभालेंगे। टीम में हरनूर पन्नू, पंजाब के कप्तान उदय सहारन और बठिंडा के युवा खिलाड़ी अबीर कोहली भी खेलते नजर आएंगे।
मेहता के मुताबिक, इस साल लीग के मुकाबले PCA मोहाली में आयोजित होंगे और इनका सीधा प्रसारण सोनी टीवी पर किया जाएगा। लीग के लिए BCCI से जरूरी मंजूरी भी प्राप्त कर ली गई है।
उन्होंने बताया कि भविष्य में लीग का विस्तार करते हुए बठिंडा समेत पंजाब के अन्य शहरों में मुकाबले कराने और टीमों की संख्या बढ़ाने की योजना है। लीग के जरिए जिला स्तर के खिलाड़ियों को अनुभवी और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों के साथ खेलने का अवसर मिलेगा, जिससे उनका अनुभव और आत्मविश्वास बढ़ेगा।






