नूंह, 30 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को जिला मुख्यालय नूंह स्थित मिनी सचिवालय में आयोजित मेवात विकास बोर्ड की 32वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि नूंह जिला अब युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार का बड़ा केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी पहल पर नूंह को आकांक्षी जिला कार्यक्रम (एस्पिरेशनल डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम) में शामिल किया गया, जिसके तहत नीति आयोग द्वारा अब तक 36.20 करोड़ रुपये की लागत वाली 12 परियोजनाएं मंजूर की जा चुकी हैं।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, सिंचाई, सीवरेज, साइबर सुरक्षा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए वार्षिक कार्य योजना के तहत लगभग 30 करोड़ 43 लाख 79 हजार रुपये के बजट को मंजूरी प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जिला नूंह में शिक्षा क्षेत्र के विकास के लिए लगभग 10.06 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है। इसके तहत सरकारी स्कूलों में ड्यूल डेस्क उपलब्ध करवाने, 20 सरकारी स्कूलों में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (STEM) लैब स्थापित करने, छात्रवृत्ति योजनाओं तथा विद्यार्थियों को कोचिंग उपलब्ध करवाने सहित विभिन्न कार्य किए जाएंगे। सामाजिक बुनियादी ढांचे के विकास के तहत पिंगवां में स्टेडियम के नवीनीकरण और नूंह के पुराने कोर्ट परिसर में पब्लिक पार्क विकसित करने संबंधी कार्यों पर लगभग 4 करोड़ 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
कौशल विकास के लिए 87 लाख रुपये तथा पशुपालन और कृषि क्षेत्र से संबंधित विकास कार्यों के लिए 1.50 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इसी प्रकार खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए जिला खेल स्टेडियम में स्विमिंग पूल और 200 मीटर सिंथेटिक ट्रैक विकसित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। वनीकरण, वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) और मिट्टी संरक्षण से संबंधित विभिन्न कार्यों के लिए लगभग 5.42 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि साइबर अपराध की रोकथाम के लिए 1.16 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक साइबर फोरेंसिक लैब स्थापित करने का प्रस्ताव भी बोर्ड के समक्ष रखा गया है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध की जड़ पर प्रभावी ढंग से प्रहार करने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मंजूर विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और कार्यों में देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
मेवात के युवाओं को मुफ्त कोचिंग
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेवात क्षेत्र के युवाओं को सरकारी नौकरी की तैयारी के लिए मुफ्त कोचिंग उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके तहत स्टाफ सिलेक्शन कमीशन, रेलवे भर्ती बोर्ड, हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन, CET और बैंकिंग परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मेवात छात्रवृत्ति, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति और छात्र प्रतिभा सम्मान योजना के तहत अब तक हजारों विद्यार्थियों को करोड़ों रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि नूंह शहर की सीवर लाइन क्षमता में सुधार के लिए ट्रेंचलेस तकनीक से लगभग 2,900 मीटर लंबी बाईपास सीवर लाइन बिछाई जाएगी। यह सीवर लाइन नए YMD कॉलेज गेट से मेवली मोड़, शहीदी पार्क होते हुए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) तक जाएगी। इससे सिटी अस्पताल कॉलोनी, मेडिकल रोड कॉलोनी, हिदायत कॉलोनी, बघेल मोहल्ला, नई सब्जी मंडी, पुरानी अनाज मंडी और बिट्टू कॉलोनी सहित लगभग एक दर्जन कॉलोनियों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिव्य नगर योजना के तहत नूंह में 12.52 करोड़ रुपये की लागत से खेल परिसर तथा 20.92 करोड़ रुपये की लागत से ऑडिटोरियम-कम-म्यूजियम के निर्माण को पहले ही प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है।
मेवात विकास एजेंसी द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए 30 करोड़ 43 लाख 79 हजार रुपये की वार्षिक कार्य योजना तैयार की गई है, जिसमें शिक्षा क्षेत्र पर सबसे अधिक 10.06 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। बैठक में हथीन ब्लॉक के स्कूलों में 176 गर्ल्स टॉयलेट के निर्माण, स्वास्थ्य केंद्रों के उन्नयन और सरकारी कॉलेज में सोलर पावर प्लांट स्थापित करने जैसे विभिन्न प्रस्ताव भी रखे गए।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने बैठक में कहा कि मेवात क्षेत्र के विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करें और अगली बैठक में मंजूर कार्यों की ठोस प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
इस अवसर पर विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा, विधायक श्री तेजपाल तंवर, विधायक श्री मोहम्मद इसराइल, विधायक श्री आफताब अहमद, विधायक श्री मामन खान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






