नूंह, 30 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को नूंह जिले को विकास की बड़ी सौगात देते हुए 174.66 करोड़ रुपये की लागत वाली 22 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के साथ-साथ खेल, शिक्षा और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार से जुड़े महत्वपूर्ण विकास कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने 17 परियोजनाओं का शिलान्यास और 5 परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
इन परियोजनाओं में सबसे बड़ी परियोजना नूंह में पुराने सीएचसी परिसर में 155.49 करोड़ रुपये की लागत से 100 बेड क्षमता वाले जिला सामान्य अस्पताल (DCH) का निर्माण है, जिसका मुख्यमंत्री ने शिलान्यास किया।
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न परियोजनाओं के तहत गांव अड़बर में 60 लाख रुपये, गांव छारोड़ा में 79 लाख रुपये, गांव कंकर खेड़ी (खेड़ली नूंह) में 64 लाख रुपये, गांव नई में 69 लाख रुपये, गांव सिरोली में 61 लाख रुपये और गांव इंदरी में 63 लाख रुपये की लागत से उप-स्वास्थ्य केंद्र (SHC) भवनों का निर्माण किया जाएगा।
गांव पड़ैनी में 50 लाख रुपये और पिंगवां में 62 लाख रुपये की लागत से ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (BPHU) भवनों का निर्माण भी किया जाएगा।
इस अवसर पर विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, हथीन के विधायक मोहम्मद इसराइल, नूंह के विधायक आफताब अहमद, फिरोजपुर-झिरका के विधायक मामन खान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
खेल और शिक्षा के बुनियादी ढांचे को भी मिलेगी मजबूती
मुख्यमंत्री ने मेवात विकास एजेंसी की विभिन्न परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया। इनमें नूंह में 2.45 करोड़ रुपये की लागत से सार्वजनिक पार्क का निर्माण, पिंगवां में 1.80 करोड़ रुपये की लागत से खेल स्टेडियम का नवीनीकरण और 1.47 करोड़ रुपये की लागत से 100 मॉडल आंगनवाड़ी केंद्रों की स्थापना शामिल है।
इसी प्रकार नूंह ब्लॉक के 33 सरकारी स्कूलों में 1 करोड़ रुपये की लागत से बालिका शौचालयों का निर्माण, हथीन ब्लॉक में 39 लाख रुपये की लागत से उपमंडल स्तर की लाइब्रेरी का निर्माण, हथीन ब्लॉक के 14 सरकारी स्कूलों में 1 करोड़ रुपये की लागत से हाइब्रिड सोलर पावर प्लांट की स्थापना तथा हथीन ब्लॉक के 10 सरकारी स्कूलों में 50 लाख रुपये की लागत से खेल मैदानों का विकास किया जाएगा।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने पिंगवां ब्लॉक के गांव लाहबास में 86 लाख रुपये की लागत से अलवी भवन के निर्माण की भी आधारशिला रखी।
BPHU और टीबी कार्यालय भवन का उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग की दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया। इनमें पुन्हाना सीएचसी परिसर में 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (BPHU) भवन और मांडीखेड़ा नागरिक अस्पताल परिसर में 1.54 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित टीबी कार्यालय भवन शामिल हैं।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने मेवात विकास एजेंसी के तहत गांव शाहपुर-नंगली (नूंह) और कामेड़ा (फिरोजपुर झिरका) में 85 लाख रुपये की लागत से खेल स्टेडियमों के नवीनीकरण तथा जिला नूंह के 16 सरकारी स्कूलों में 80 लाख रुपये की लागत से विकसित खेल सुविधाओं का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने 92 लाख रुपये की छात्रवृत्ति राशि भी वितरित की। यह राशि मुख्यमंत्री मेवात गरीब मेधावी छात्रवृत्ति योजना और मुख्यमंत्री मेवात छात्र प्रतिभा सम्मान योजना के तहत विद्यार्थियों को प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य नूंह जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल सहित बुनियादी सुविधाओं का लगातार विस्तार करते हुए लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि इन विकास परियोजनाओं से जहां स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी, वहीं विद्यार्थियों और युवाओं के लिए शिक्षा एवं खेलों की बेहतर सुविधाएं भी विकसित होंगी।
उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के सभी क्षेत्रों का समान विकास सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।





