सुनाम, 31 अगस्त,2026 (राजेश कुमार): पंजाब सरकार द्वारा प्रदेश को स्वच्छ, हरा-भरा और सुंदर बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘मिशन क्लीन पंजाब’ अभियान के तहत आम आदमी पार्टी पंजाब के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री श्री अमन अरोड़ा के दिशा-निर्देशों के तहत नगर कौंसिल सुनाम और मार्केट कमेटी सुनाम के संयुक्त प्रयास से शहर में बड़े स्तर पर विशेष सफाई अभियान शुरू किया गया।
इस अभियान के तहत सुनाम शहर के विभिन्न वार्डों, मुख्य मार्गों, बाजारों, गलियों-मोहल्लों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर युद्ध स्तर पर सफाई कार्य शुरू किए गए हैं। प्रत्येक वार्ड में संबंधित एम.सी. और अन्य नेताओं द्वारा सफाई कार्यों की अगुवाई की जा रही है, जबकि नगर कौंसिल की टीमों और सफाई सेवकों द्वारा कूड़े के अस्थायी डंप एवं ढेर हटाने के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों की सफाई की जा रही है।
इस अवसर पर नगर कौंसिल सुनाम के अध्यक्ष मनप्रीत बांसल ने कहा कि कैबिनेट मंत्री श्री अमन अरोड़ा के दिशा-निर्देशों के अनुसार शहर की सफाई व्यवस्था को और मजबूत एवं प्रभावी बनाने के लिए विशेष कार्ययोजना के तहत काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल कुछ दिनों तक सफाई करना नहीं है, बल्कि शहर में सफाई को निरंतर प्रक्रिया के रूप में अपनाते हुए कूड़े के डंप समाप्त करना और सुनाम को स्वच्छ, सुंदर तथा रहने योग्य शहर बनाना है।
उन्होंने बताया कि सफाई टीमों को वार्ड स्तर पर तैनात किया गया है और सड़कों व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगे कूड़े के ढेर उठाकर निर्धारित स्थानों तक पहुंचाए जा रहे हैं। इसके साथ ही शहर की मुख्य सड़कों, बाजारों और रिहायशी क्षेत्रों की सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मनप्रीत बांसल ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि सफाई व्यवस्था को सफल बनाना केवल नगर कौंसिल या सफाई सेवकों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को इसमें अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों और दुकानों का कूड़ा सड़कों, गलियों, खाली प्लॉटों या अन्य खुले स्थानों पर फेंकने की बजाय नगर कौंसिल की कूड़ा एकत्र करने वाली रेहड़ियों या वाहनों को ही सौंपें। यदि किसी सरकारी छुट्टी या अन्य कारण से किसी दिन कूड़ा उठाने वाला वाहन न पहुंच सके तो लोग कूड़े को अपने घर या दुकान में उचित तरीके से संभालकर रखें और वाहन के आने पर उसे सौंपें।
मार्केट कमेटी सुनाम के चेयरमैन मुकेश जुनेजा ने कहा कि सफाई एक दिन या सप्ताह तक सीमित रहने वाला काम नहीं, बल्कि यह एक निरंतर प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार और कैबिनेट मंत्री श्री अमन अरोड़ा की सोच के अनुसार सुनाम में विकास कार्यों के साथ-साथ सफाई, सौंदर्यीकरण और लोगों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने को भी विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान को केवल औपचारिकता तक सीमित रखने की बजाय जमीनी स्तर पर ठोस परिणाम लाने के लिए नगर कौंसिल के पदाधिकारी, एम.सी., अधिकारी, नेता और सफाई सेवक स्वयं मैदान में उतरकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का लक्ष्य शहर में सफाई व्यवस्था में स्थायी सुधार लाना और लोगों में अपने आसपास का वातावरण साफ रखने के प्रति जिम्मेदारी की भावना पैदा करना है।
नगर कौंसिल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष यादविंदर सिंह निर्माण ने कहा कि पंजाब सरकार के ‘क्लीन पंजाब, प्राउड पंजाब’ संकल्प को सुनाम में पूरी लगन से लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए ‘क्लीन सुनाम, प्राउड सुनाम’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए शहर के प्रत्येक वार्ड को इस अभियान से जोड़ा गया है। प्रत्येक वार्ड में एम.सी. और अन्य जिम्मेदार नेता सफाई कार्यों की निगरानी एवं अगुवाई कर रहे हैं।
इस अवसर पर नेताओं ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाने के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ-साथ लोगों की सक्रिय भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है।
इस सफाई अभियान के दौरान ईओ सुनाम, कैबिनेट मंत्री श्री अमन अरोड़ा के ओ.एस.डी. डॉ. अमृतपाल सिंह सिद्धू, मीडिया कोऑर्डिनेटर यशपाल मंगला, ब्लॉक अध्यक्ष साहिब सिंह, वरिष्ठ नेता भानू प्रताप, नीटू सक्सेना, समूह एम.सी., आशा बजाज, हरपाल हांडा, मीणा रानी (उपाध्यक्ष), माही महंत, जगदीप सिंह, वरुण मदान, साहिब सिंह, गुरप्रीत सिंह, रुपिंदर, मीना रानी, आरती सक्सेना, विक्रम विक्की, सनी कांसल, कंचन वर्मा, गुरतेज सिंह, रमेश पप्पी, कुलबीर भंगू, सनी खटक, राजिंदर कौर आदि ने अपने-अपने वार्डों में ‘क्लीन पंजाब, प्राउड पंजाब’ संकल्प के तहत सफाई अभियान में भाग लिया। इस अवसर पर सफाई सेवक तथा अन्य नेता एवं गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।






