चंडीगढ़, 31 अगस्त,2026 (जतिंदर गर्ग): पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने के कारण गर्मी और उमस से फिलहाल राहत मिलती नहीं दिख रही है। मौसम विभाग के अनुसार आज पंजाब के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं चंडीगढ़ में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है और कुछ स्थानों पर बारिश के साथ गरज-चमक भी हो सकती है।
चंडीगढ़ के अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन तापमान अभी भी सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक है। पंजाब में फरीदकोट 38.3 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा।
बारिश की कमी से बढ़ी उमस
पंजाब के अधिकांश हिस्सों में पिछले तीन दिनों से बारिश नहीं हुई है। इसके चलते वातावरण में नमी बढ़ने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। पटियाला में केवल 1 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई, जबकि ज्यादातर जिले सूखे रहे और कई स्थानों पर तापमान 33 डिग्री से ऊपर बना रहा।
सुखना झील का जलस्तर बढ़ा
हिमाचल प्रदेश में हुई बारिश का असर चंडीगढ़ की सुखना झील पर भी देखने को मिला। झील का जलस्तर 1,162.95 फीट तक पहुंचने के बाद पहली बार एक रेडियल गेट खोला गया। इससे अतिरिक्त पानी की निकासी की गई।





