कासगंज, 31 अगस्त,2026 (छत्रपाल सिंह): उत्तर प्रदेश के कासगंज में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 23 अन्य घायल हो गए। हादसा कासगंज-मथुरा हाईवे पर शिव इंटर कॉलेज (कटौर) के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार, 26 यात्रियों से भरी मैक्स पिकअप तेज रफ्तार में जा रही थी। इसी दौरान हाईवे पर एक ट्रक पीछे की ओर आ रहा था और पिकअप उसकी पिछली तरफ जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के समय कई यात्री वाहन के अंदर सो रहे थे। टक्कर के बाद कुछ लोग सीटों के नीचे फंस गए, जबकि गाड़ी के शीशे भी टूट गए। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों और राहगीरों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
घायलों में से 8 की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए सभी लोग राजस्थान के करौली जिले के हिंडौन थाना क्षेत्र के रेवई गांव के रहने वाले थे। वे एक मृत व्यक्ति की अस्थियां विसर्जित करने के लिए सोरों जा रहे थे।
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।






