वाशिंगटन, 31 अगस्त,2026 (राजेश कुमार): अमेरिका के एरिजोना स्थित प्रसिद्ध ग्रैंड कैन्यन नेशनल पार्क में भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ ने हालात बिगाड़ दिए हैं। भीषण मौसम के बाद आई फ्लैश फ्लड में कम से कम 20 लोगों के लापता होने की सूचना है, जबकि राहत एवं बचाव दल अब तक 62 लोगों को सुरक्षित निकाल चुके हैं।
शनिवार को ग्रैंड कैन्यन के ब्राइट एंजेल कैन्यन और फैंटम रेंच इलाकों में तेज बारिश के बाद अचानक बाढ़ आ गई। पानी के तेज बहाव ने कई इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया है। बाढ़ की वजह से कई पैदल पुल क्षतिग्रस्त या पूरी तरह बह गए, जिससे ट्रैकिंग और पैदल आवाजाही प्रभावित हुई है।
प्रशासन के मुताबिक, रविवार दोपहर तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं थी। हालांकि, लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान लगातार जारी है।
फिर बिगड़ सकता है मौसम
मौसम विभाग ने आने वाले समय में भी भारी बारिश और तेज तूफान की संभावना जताई है। इसके साथ ही चट्टानें खिसकने और मलबा बहने का खतरा भी बना हुआ है।
पार्क रेंजरों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उनका कहना है कि बारिश के दौरान अचानक बाढ़ आने से रास्तों और नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती है।
फ्लैश फ्लड के कारण ब्राइट एंजेल क्रीक पर बने पैदल पुलों को भी नुकसान पहुंचा है। इसके चलते कई लोकप्रिय ट्रैकिंग मार्गों पर आवाजाही फिलहाल बाधित है।






